SIR का घर-घर सत्यापन पूरा, 13 अगस्त को जारी होगा वोटर ड्राफ्ट
punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 09:39 AM (IST)
लुधियाना (राज): जिले में विशेष पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत घर-घर जाकर गणना पत्रों के सत्यापन का काम पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही सोमवार को पोलिंग बूथों के पुनर्गठन की प्रक्रिया भी संपन्न हो गई। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में 104 नए पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिसके बाद अब कुल बूथों की संख्या 2,927 से बढ़कर 3,031 पहुंच गई है। आगामी 13 अगस्त को निर्वाचन आयोग की ओर से इलेक्ट्रोअल ड्राफ्ट जारी किया जाएगा, जिसके बाद 8 अक्टूबर तक नागरिक अपने दावे व आपत्तियां दर्ज करवा सकेंगे।
साहनेवाल में बने सबसे ज्यादा 21 नए पोलिंग बूथ
चुनाव आयोग के नियमानुसार, औसतन प्रति बूथ 1,200 मतदाताओं की तय सीमा के आधार पर बूथों का पुनर्गठन किया गया है। जिले की 14 विधानसभा सीटों में से सबसे अधिक नए बूथ साहनेवाल विधानसभा में बने हैं, जहां 21 नए बूथ बढ़ने से इनकी संख्या 219 से बढ़कर 240 हो गई है। बाकी विधानसभा क्षेत्रों में भी आवश्यकतानुसार बूथों की संख्या बढ़ाई गई है।
3.25 लाख 'अनमैप्ड' वोटरों ने उड़ाई राजनीतिक दलों की नींद
SIR प्रक्रिया के दौरान शहरी क्षेत्रों के करीब 3.25 लाख मतदाता 'अनमैप्ड' रह गए हैं। यानी बीएलओ (BLO) के दौरे के दौरान या तो ये लोग घरों पर मौजूद नहीं मिले या फिर इन्होंने गणना पत्र वापस जमा ही नहीं करवाए। इतनी बड़ी संख्या में वोटरों के अनमैप्ड रहने से आगामी चुनावों में हार-जीत के राजनीतिक समीकरण पूरी तरह गड़बड़ा सकते हैं।
- विधानसभा वार: अनमैप्ड वोटर और पिछले चुनाव का अंतर
- साहनेवाल: करीब 48,000 वोटर अनमैप्ड रहे, जबकि 2022 में हार-जीत का अंतर करीब 15,000 वोटों का था।
- लुधियाना ईस्ट: 54,000 वोटर अनमैप्ड हैं, पिछले चुनाव में जीत का अंतर 35,922 वोट था।
- लुधियाना नार्थ: 51,000 वोटर अनमैप्ड पाए गए, जबकि पिछला हार-जीत का अंतर 15,282 वोट था।
- लुधियाना साउथ: 50,000 वोटर अनमैप्ड रहे, पिछला अंतर 26,138 वोटों का था।
- लुधियाना सेंट्रल: 40,000 वोटर अनमैप्ड हैं, जबकि 2022 में हार-जीत का फैसला महज 4,804 वोटों से हुआ था।
- गिल विधानसभा: 37,000 वोटर अनमैप्ड मिले, पिछला जीत का अंतर 57,644 वोट था।
- आत्म नगर: 32,000 वोटर अनमैप्ड रहे, जबकि पिछला अंतर 16,000 से अधिक वोटों का था।
- लुधियाना वेस्ट: 28,000 वोटर अनमैप्ड हैं, 2022 में हार-जीत का अंतर 7,512 वोट रहा था।
13 अगस्त के बाद फॉर्म-6 भरकर बनवा सकेंगे नया वोट
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जो मतदाता अनमैप्ड रह गए हैं या जिनका नाम कट गया है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे नागरिक 13 अगस्त के बाद नए वोट के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें डिक्लेरेशन फॉर्म के साथ फॉर्म नंबर-6 भरना होगा। इसके अलावा वर्ष 2003 की वोटर लिस्ट से माता-पिता के मैपिंग विवरण और वर्तमान पते का प्रमाण पत्र देना अनिवार्य होगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

