पंजाब में चिट्टे का कहर जारी! कथित Overdose से दो युवकों की मौ''त
punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 06:38 PM (IST)
सिद्धवां बेट (चाहल): छोटी आबादी वाले गांव मुन्नबरपुरा में रविवार सुबह दो युवकों की कथित तौर पर चिट्टे की ओवरडोज से मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। ग्रामीणों का दावा है कि दोनों युवकों की मौत नशे की कथित ओवरडोज के कारण हुई है।
मृतकों की पहचान 20 वर्षीय प्रिंसपाल और 27 वर्षीय हरप्रीत सिंह उर्फ हैरी के रूप में हुई है। बताया गया कि हरप्रीत सिंह विवाहित था और एक बच्चे का पिता था, जबकि प्रिंसपाल चार बहनों का इकलौता भाई था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक बीते दिन एक साथ गए थे और उन्होंने कथित तौर पर एक साथ नशे का इंजेक्शन लगाया था। इसके बाद घर पहुंचने पर प्रिंसपाल की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई, जबकि हरप्रीत सिंह का शव रविवार सुबह खेतों से बरामद हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि मौके से दोनों के पास एक-एक सिरिंज भी मिली है।
घटना के बाद गांव की पंचायत और परिजनों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता जताई। उनका कहना है कि छोटी आबादी वाले इस गांव में दो युवकों की कथित ओवरडोज से हुई मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक जगतार सिंह जग्गा हिसोवाल और कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सहित अन्य नेता पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम की प्रभावशीलता पर सवाल उठाए।
नेताओं ने कहा कि एक ओर पंजाब सरकार नशे के खात्मे के दावे कर रही है और दूसरी ओर नजदीकी कस्बे मुल्लांपुर दाखा में 'युद्ध नशों के विरुद्ध' अभियान के तहत राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, लेकिन इसकी जमीनी हकीकत गांवों में आकर देखी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि लगभग 300 की आबादी वाले एक छोटे से गांव में दो युवकों की कथित ओवरडोज से हुई मौत सरकार की नशा विरोधी मुहिम पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उनका आरोप था कि सरकार इस अभियान पर करोड़ों रुपये विज्ञापनों में खर्च कर रही है, जबकि पंजाब में नशे की बिक्री कम होने के बजाय बढ़ी है और छोटे-छोटे गांवों तक नशे का कारोबार पहुंच चुका है। इसी के चलते दो परिवारों ने अपने जवान बेटों को खो दिया। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में लगभग हर रोज किसी न किसी इलाके से चिट्टे की कथित ओवरडोज से युवाओं की मौत की खबर सामने आती है, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
पुलिस का पक्ष
पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों की मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

