विदेश गई इस पंजाबी लड़की ने रो-रोकर सुनाई दास्तां, भारत सरकार से की ये मांग

punjabkesari.in Friday, May 06, 2022 - 12:12 PM (IST)

तरनतारन (रमन): पिता के इलाज के लिए खर्च किए 3 लाख रुपए का कर्ज उतारने के लिए विदेश गई लडक़ी द्वारा भारत वापस आने के लिए केंद्र सरकार से मदद की मांग की जा रही है। विदेश में बंधक बनी पीड़िता ने वीडियो में बताया कि मस्कट में उसे भूखा रख कर मारपीट कर जबरदस्ती काम करवाया जाता है। गौरतलब है कि जिला तरनतारन की कुल 4 गरीब घर से संबंधित लड़कियों को मस्कट में बंधक बना कर मानसिक व शारीरिक तौर पर परेशान किया जा रहा है। इन लड़कियों की मदद के लिए केंद्र व राज्य सरकार को जल्द कोई प्रयास करने की जरुरत है। 
            
जानकारी अनुसार मनप्रीत कौर (18) पुत्री मनजीत सिंह निवासी अलगो खुर्द ने एक वीडियो जारी करते हुए सरकार से भारत वापस आने की अपील की है। इस वीडियो में मनप्रीत कौर ने रोते हुए बताया कि मस्कट में वह कुछ व्यक्तियों के जाल में फंसी है। दिन-रात भूखा रख कर उससे काम करवाया जा रहा है। वह अपने घर की आर्थिक स्थिति सुधारने व कर्ज उतारने के लिए मेहनत करने विदेश आई थी, परंतु यहां एक दफ्तर में बंधक बना कर उसको परेशान किया जा रहा है। उसकी तबीयत भी ठीक नहीं है। इस लिए वह केंद्र सरकार से मांग करती है कि उसको जल्द से जल्द भारत वापस लाया जाए।  मनप्रीत कौर की मां कुलविंदर कौर ने कहा कि उसके पति की करीब एक साल पहले मौत हो गई थी। मनप्रीत के पिता की तबीयत बहुत खराब रहती थी। इनके इलाज के लिए तब 3 लाख रुपए का कर्ज लिया था। 

बेटी मनप्रीत कौर नौशहरा पन्नूआं के एक एजेंट जरिए पहले दुबई गई। जहां एजेंट की बहन व एक मैडम द्वारा करीब 3 माह तक अपने घर में परेशान करते हुए काम करवाया गया। इसके बाद मनप्रीत को मस्कट भेज दिया। इस समय बेटी मनप्रीत कौर बहुत बुरी स्थिति से गुजर रही है। मनप्रीत को बंधक बना कर रखने वाले व्यक्तियों द्वारा फोन पर बेटी से अच्छी तरह बात भी नहीं करवाई जाती। भूखा रख कर मनप्रीत से काम करवाने के लिए मारपीट की जा रही है। बेटी की मदद के लिए कई बार हलका विधायक सर्वन सिंह धुन व राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ संपर्क कर मदद मांगी गई है, परंतु कोई सुनवाई नहीं हो रही। तरनतारन की 3 और बेटियां इस समय मस्कट में कुछ गलत व्यक्तियों के जाल में फंसी हुई हैं। जिनसे जबरदस्ती काम करवाया जा रहा है। पीड़ित कुलविंदर कौर ने डी.सी. व भारत सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द बेटी मनप्रीत कौर को वापस भारत लाया जाए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News