Vigilance Action : रिश्वत लेने के आरोप में पूर्व एस.डी.ओ. काबू
punjabkesari.in Friday, Jul 07, 2023 - 08:00 PM (IST)

अमृतसर (इन्द्रजीत): विजीलैंस ब्यूरो (वी.बी.) ने वर्ष 2016 में पंजाब मंडी बोर्ड सब-डिविज़न- 3 ज़िला तरनतारन में तैनात रहे रिटायर एस.डी.ओ. सुदेश कुमार को 20 हजार रुपए रिश्वत लेने के आरोप में आज गिरफ़्तार किया है। जुलाई 2021 में रिश्वत लेने के 2 वर्ष बाद अब आरोपी को जुलाई 2023 में गिरफ्तार किया गया है। संबंधित जानकारी में विजीलैंस ब्यूरो के एस.एस.पी. अमृतसर रेंज वरिंदर सिंह संधू ने बताया कि आरोपी पूर्व एस.डी.ओ. को दर्शन सिंह निवासी पट्टी ज़िला तरनतारन की शिकायत पर काबू किया गया है।
शिकायत में कहा गया है कि पंजाब मंडी बोर्ड ने तरनतारन जिले में लिंक सड़कों के निर्माण का काम दर्शन सिंह की फर्म एल.टी. बिल्डरज़ को अलाट किया था। तत्कालीन एस.डी.ओ. सुदेश कुमार ने फर्म की 34.33 लाख रुपए की ज़मानत राशि वापस करने के एवज में दर्शन सिंह से 1 लाख रुपए रिश्वत मांगी थी। इस राशि में 20 हजार रुपए आरोपी ने 21 जुलाई 2021 को लिए थे और बाद में वर्ष 2022 में आरोपी रिटायर हो गया। उक्त एस.डी.ओ. के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम एक्ट के अंतर्गत एफ.आई.आर थाना विजीलैंस ब्यूरो, अमृतसर रेंज में दर्ज की गई जिसमें आज 2 साल बाद वी.बी टीम ने आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया है।