Vigilance Action : 50 हजार लेते रंगे हाथ पकड़ा गया अधिकारी

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 07:34 PM (IST)

लुधियाना : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो (VB) ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लुधियाना स्थित पंजाब स्टेट सीड सर्टिफिकेशन अथॉरिटी में तैनात सीड सर्टिफिकेशन अधिकारी अमृतपाल सिंह को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी मानसा जिले के वार्ड नंबर 10 के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई है।

शिकायतकर्ता एक बीज उत्पादक है, जो मानसा में ‘एम/एस पंजाब एग्री सीड फार्म’ चलाता है। उसका काम पंजाब और अन्य राज्यों की कृषि विश्वविद्यालयों से ब्रीडर सीड (पहली श्रेणी के बीज) प्राप्त कर उन्हें उगाकर आगे बीज तैयार करना है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी फर्म ने विभिन्न विश्वविद्यालयों और फाउंडेशन सीड स्रोतों के माध्यम से करीब 510 हेक्टेयर (1275 एकड़) भूमि में गेहूं के बीज बोए हैं, जिनकी जांच की जिम्मेदारी आरोपी अधिकारी अमृतपाल सिंह के पास थी।

शिकायत के अनुसार, करीब 10 दिन पहले आरोपी निरीक्षण के लिए फार्म पर आया और बोई गई फसलों का निरीक्षण करने के बदले अनुकूल रिपोर्ट देने के लिए 200 रुपये प्रति हेक्टेयर के हिसाब से कुल 1,02,000 रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की पूरी बातचीत रिकॉर्ड भी कर ली थी।

रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो बठिंडा रेंज से संपर्क किया। प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया, जिसके दौरान आरोपी अधिकारी को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। इस संबंध में विजिलेंस थाना बठिंडा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News