Punjab : भीषण सड़क हादसा, बस और ट्रक की जोरदार टक्कर, दो दर्जन से अधिक यात्री घायल

punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 07:51 PM (IST)

बमियाल (हरजिंदर गोराया): सीमावर्ती क्षेत्र के गांव नरोट जैमल सिंह स्थित बिजली घर के सामने जम्मू-दीनानगर स्टेट हाईवे पर आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, जम्मू से राधा स्वामी डेरा जा रही बस (नंबर JK02AC8181) और चीनी से लदे एक ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रक सड़क से नीचे उतरकर पास के खेतों में पलट गया। हादसे में बस में सवार दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News