सोशल मीडिया पर वायरल हुई शर्मनाक करतूत, युवतियों ने युवक को दी तालिबानी सजा, अब पुलिस का Action

punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 09:00 AM (IST)

लुधियाना (राज): सोशल मीडिया पर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल होने के बाद इलाका पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, थाना जोधवाल पुलिस की एक विशेष टीम एएसआई बलकार सिंह की अगुवाई में कानून व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में गश्त पर मुस्तैद थी। इसी दौरान पुलिस पार्टी को एक खास मुखबिर ने बेहद चौंकाने वाली सूचना दी कि सोशल मीडिया पर एक बर्बरतापूर्ण वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जो कैलाश नगर रोड इलाके से जुड़ा हुआ है।

वायरल वीडियो में कुछ युवतियों ने कानून को ताक पर रखकर एक युवक को रस्सी से बांधा हुआ है और उसे बंधक बनाकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर रही हैं। इन युवतियों की दबंगई यहीं नहीं रुकी, उन्होंने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए सरेआम उस युवक के सिर के बीच के बाल और उसकी दाहिनी आंख के भौंह के बाल भी काट दिए। इतना ही नहीं, युवक को बुरी तरह प्रताड़ित करने और उसे समाज में जलील करने के लिए इन युवतियों ने उसकी छाती पर 'चोर' लिखा हुआ एक कागज चिपका दिया।

इसके बाद वे उस मजबूर युवक से जबरन डरा-धमकाकर यह कबूल करवा रही हैं कि उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इस अमानवीय कृत्य का वीडियो सामने आते ही पुलिस ने बिना कोई वक्त गंवाए मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है और वीडियो के आधार पर इन कानून हाथ में लेने वाली युवतियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News