कांग्रेस में जाएंगे कैप्टन? भाजपा छोड़ने की चर्चा के बीच बेटी जयइंदर कौर का बड़ा बयान
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 12:28 PM (IST)
चंडीगढ़: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस में जाने की चर्चाओं के बीच उनकी बेटी जयइंदर कौर का बड़ा बयान सामने आया है। पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष जयइंदर कौर ने स्पष्ट किया है कि उनके पिता भाजपा में ही रहेंगे।
मीडिया द्वारा कैप्टन के कांग्रेस में जाने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कैप्टन साहब भाजपा में हैं और भाजपा में ही रहेंगे। जयइंदर कौर ने कहा कि कांग्रेस में अंदरूनी कलह चल रही है और जब उनके पास कोई दूसरा मुद्दा नहीं होता तो वे ऐसी अफवाहें फैला देते हैं। फिलहाल कैप्टन अमरिंदर सिंह इस मामले को लेकर चुप हैं और इस संबंध में अभी तक उनका कोई बयान सामने नहीं आया है।
गौरतलब है कि 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से अपने भाषण में ‘दिमागी नक्सलवाद’ को रोकने का आह्वान किया था। इसके बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने लेख के जरिए प्रधानमंत्री से ‘दिमागी नक्सलवाद’ शब्द को स्पष्ट करने की मांग की थी। इसके बाद चर्चा शुरू हो गई थी कि कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस का हिस्सा बन सकते हैं। हालांकि, अब इन सभी चर्चाओं पर उनकी बेटी जयइंदर कौर ने विराम लगाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा का ही हिस्सा बने रहेंगे।

