पति पर अवैध संबंधों का शक… महिला ने ऑडियो में किया खुलासा और फिर उठाया यह कदम

punjabkesari.in Wednesday, Dec 10, 2025 - 09:10 PM (IST)

दोराहा (विनायक): पारिवारिक कलह और पति के कथित अवैध संबंधों से त्रस्त खन्ना की एक महिला ने दोराहा से गुजरती सरहिंद नहर में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। दोराहा पुलिस ने बुधवार सुबह जोड़ेपुल के पास से महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। मृतका के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में मृत्का के पति और एक लुधियाना निवासी महिला पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका सीमा रानी (51), निवासी कृष्णा नगर, खन्ना, ने नहर में कूदने से पहले एक ऑडियो संदेश रिकॉर्ड किया था। इस रिकॉर्डिंग में उसने अपने पति जलविंदर सिंह और लुधियाना की एक महिला को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। मृतका के भाई सोनू ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसके जीजा के लुधियाना की एक महिला के साथ लंबे समय से नाजायज़ संबंध थे, जिसके चलते बहन के घर में अक्सर झगड़े होते रहते थे। परिवार ने कई बार पुलिस को शिकायत भी दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सोनू के मुताबिक, जलविंदर सिंह ने कई बार सुधरने का वादा किया, परंतु स्थिति जस की तस बनी रही, जिससे सीमा रानी मानसिक दबाव में रहती थीं।

घटना की रात होटल में फिर हुआ विवाद, महिला सीधे नहर पर जाकर कूद गई

जानकारी के अनुसार, घटना से कुछ घंटे पहले सीमा रानी और उसके पति होटल में भोजन करने गए थे, जहां एक बार फिर दोनों के बीच तीखा विवाद हो गया। नाराज़ सीमा रानी होटल से निकलकर एक ऑटो में बैठी और दोराहा नहर की ओर चली गई। नहर पर पहुंचते ही वह बिना किसी को कुछ बताए उसमें कूद गई। परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना देने के बाद देर रात तक तलाश अभियान चलाया गया। बुधवार सुबह दोराहा पुलिस ने जोड़ेपुल के पास से शव बरामद कर लिया।
 
दोराहा पुलिस ने मृतका द्वारा रिकॉर्ड किए गए ऑडियो संदेश को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News