ATM से पैसे निकालते समय महिला से ठगी, मिनटों में खाते से लाखों साफ
punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 09:38 AM (IST)
लुधियाना (राज): शातिर ठगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे बैंक के एटीएम बूथों पर भी मासूम लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला बहादरके रोड स्थित दाना मंडी के पास से सामने आया है, जहां एक अज्ञात जालसाज ने बड़ी ही चालाकी से एक महिला का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 2 लाख 5 हजार रुपये की मोटी रकम साफ कर दी। पीड़िता की शिकायत पर थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने चंचल गुलाटी की शिकायत पर अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
पैसे कटने के मैसेज आने पर पता चली घटना
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता चंचल गुलाटी ने पुलिस प्रशासन को दी अपनी दरख्वास्त में बताया कि वह 6 अप्रैल को पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से पैसे निकलवाने के लिए गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने के बहाने उसे अपनी बातों के जाल में फंसा लिया। बातों-बातों में शातिर ठग ने बड़ी सफाई से पीड़िता का असली एटीएम कार्ड बदल लिया और उसकी जगह दूसरा कार्ड थमा दिया। पीड़िता को इस धोखाधड़ी का अहसास तब हुआ जब उसके खाते से पैसे कटने के मैसेज आने शुरू हुए।
पुलिस ने आम जनता को भी किया सचेत
ठग ने अलग-अलग किश्तों में करीब 2 लाख 5 हजार रुपये निकालकर पीड़िता को भारी वित्तीय नुकसान पहुंचाया है। 10 अप्रैल को पुलिस के पास पहुंची इस शिकायत के बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस अब एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी का सुराग लगाया जा सके। पुलिस ने आम जनता को भी सचेत किया है कि एटीएम का प्रयोग करते समय किसी भी अनजान व्यक्ति की मदद न लें और अपना पिन व कार्ड पूरी तरह सुरक्षित रखें।

