थाने पहुंचा महिला कांस्टेबल का घरेलू कलह, पति ने दी यह धमकी

punjabkesari.in Sunday, Oct 30, 2022 - 02:07 PM (IST)

तरनतारन (रमन): पंजाब पुलिस में तैनात महिला हैड कांस्टेबल द्वारा अपने ससुराल वालों के खिलाफ दर्ज करवाए गए केस ने नया मोड़ ले लिया है। केस दर्ज होने के बाद महिला हैड कांस्टेबल के पति ने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं, साथ ही यह धमकी दी है कि अगर उसे इंसाफ नहीं मिला तो वह अपने परिवार सहित आत्मदाह कर लेगा। मनजिंदर सिंह पुत्र सुखदेव सिंह निवासी वाड़ा तेलिया ने सोशल मीडिया की मदद से जानकारी देते बताया कि उसकी शादी साल 2015 में पंजाब पुलिस में बतौर महिला हैड-कांस्टेबल तैनात बलजीत कौर पुत्री जसवंत सिंह निवासी सकत्रां के साथ हुई थी। शादी के बाद उसकी पत्नी बलजीत कौर ने परिवार के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। 

असल में बलजीत कौर के साथ उसकी शादी जल्दबाजी में हुई थी, क्योंकि पहले बलजीत कौर की शादी जिस लड़के के साथ होने वाली थी, वह नशेड़ी था। इसके बाद बलजीत कौर के साथ जब उसकी शादी हुई तो कुछ समय के बाद उसके बेटे मनराज सिंह ने जन्म लिया, जो आज 6 साल का है व उसके साथ रहता है। ड्यूटी के दौरान उसकी पत्नी कई दिनों तक वापस घर नहीं लौटती थी। इसके अलावा पत्नी बलजीत कौर बेटे को साथ ड्यूटी पर ले जाती थी व देर रात तक अपने बेटे को साथ रखती थी। 

बीते दिनों भी बलजीत कौर बेटे को साथ ड्यूटी पर ले जा रही थी। तब बलजीत कौर ने मां कुलविंदर कौर के साथ झगड़ा करना शुरु कर दिया। इस बीच मारपीट भी हुई, जिससे मां कुलविंदर कौर घायल हो गई। वह खुद अपने पिता के साथ डेयरी का काम करता है। उसको जब घर में झगड़ा होने की बात पता चली तो वह तुरंत घर पहुंचा व अपनी मां को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया। आखिर पुलिस की मिलीभगत से उसकी पत्नी बलजीत कौर ने खुद को चोट पहुंचाते हुए अपने ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया।

झगड़े के दौरान बलजीत कौर बिल्कुल ठीक थी। अंत में मनजिंदर सिंह ने अपनी पत्नी के कई लोगों के साथ संबंध होने की बात भी कही। अब मनजिंदर सिंह ने पुलिस की धक्केशाही को लेकर इंसाफ की मांग की है। मनजिंदर सिंह ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत मान व उच्च अधिकारियों द्वारा उसे इंसाफ नहीं दिलाया गया तो वह अपने परिवार के साथ मिल कर आत्मदाह कर लेगा। उधर थाना सिटी पट्टी में तैनात महिला हैड कांस्टेबल बलजीत कौर ने कहा कि उस पर लगाए गए आरोप बिल्कुल गलत हैं। उसकी मांग है कि उसके पति व ससुराल वालों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। इस मामले पर एस.एस.पी. रणजीत सिंह ढिल्लों का कहना है कि इस केस को लेकर जांच की जा रही है। जो भी सच सामने आएगा। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। किसी के साथ कोई धक्केशाही नहीं होगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Recommended News

Related News