रंधावा मौ''त मामले दौरान योगेश सूरी का बड़ा आरोप, भुल्लर के मंत्री कार्यकाल की भी निष्पक्ष हो जांच

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 02:09 PM (IST)

जालंधर : राष्ट्रीय हिंदू परिषद पंजाब के अध्यक्ष योगेश सूरी ने पंजाब की मौजूदा राजनीतिक और प्रशासनिक स्थिति को लेकर एक बेहद कड़ा, विस्तृत और प्रभावशाली बयान जारी करते हुए आम आदमी पार्टी के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पंजाब स्टेट वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के अमृतसर डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या का मामला केवल एक व्यक्तिगत त्रासदी नहीं, बल्कि सत्ता के दुरुपयोग, प्रशासनिक दबाव और भ्रष्टाचार की गहरी जड़ों को उजागर करता है। 

उन्होंने कहा कि गगनदीप सिंह रंधावा द्वारा आत्महत्या से पहले बनाया गया वीडियो, जिसमें उन्होंने सीधे तौर पर आप के मंत्री का नाम लिया, इस मामले को अत्यंत गंभीर बनाता है। उन्होंने कहा कि यह घटना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि किस प्रकार एक सरकारी अधिकारी को मानसिक दबाव में लाकर आत्महत्या जैसे कदम उठाने पर मजबूर किया गया। सूरी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा लालजीत सिंह भुल्लर से इस्तीफा लिए जाने के फैसले को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि केवल इस्तीफा लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इस मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जांच को प्रभावित होने से बचाने के लिए किसी स्वतंत्र केंद्रीय एजेंसी से इसकी जांच करवाई जानी चाहिए। 

सूरी ने आरोप लगाया कि लालजीत सिंह भुल्लर के मंत्री कार्यकाल के दौरान परिवहन विभाग में बड़े पैमाने पर भर्ती घोटाले हुए तथा योग्य और मेहनती युवाओं को नजरअंदाज कर पहले उन्हें बेरोजगार किया गया और बाद में कुछ चुनिंदा करीबी लोगों को संदिग्ध शर्तों पर नौकरियां दी गईं। उन्होंने कहा कि यह न केवल प्रशासनिक भ्रष्टाचार का मामला है, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ किया गया गंभीर अन्याय भी है। सूरी ने आगे कहा कि आप के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के निजी सहायक संदीप पुरी की गतिविधियां भी संदेह के घेरे में रही हैं और मंत्री के साथ PA रहते उसके कार्यकाल की भी गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि इस पूरे प्रकरण में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।  

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भुल्लर के कार्यकाल के दौरान जेल प्रशासन की स्थिति अत्यंत खराब हो गई थी, जेलों में खुलेआम नशे का प्रसार हो रहा था, कैदियों में अनुशासन समाप्त हो चुका था और आपराधिक गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही थी। उन्होंने कहा कि जेलों के भीतर हत्या और आत्महत्या जैसी घटनाएं आम होती जा रही थीं, जो प्रशासनिक विफलता और लापरवाही का स्पष्ट प्रमाण हैं। हिन्दू नेता योगेश सूरी ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण में मृतक गगनदीप सिंह रंधावा के अंतिम वायरल वीडियो के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत आप के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पर तुरंत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया जाए और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News