दर्दनाक हादसा: बोलेरो की टक्कर से नहर में गिरा बाइक सवार युवक, तलाश जारी
punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 08:50 PM (IST)
फिरोजपुर (गुरमेल, मल्होत्रा): मक्खू के बंगाली वाला पुल के पास राजस्थान नहर के नजदीक रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक नहर में गिर गया, जिसकी तलाश देर शाम तक जारी रही। जानकारी के अनुसार उपिंद्र सिंह पुत्र मलकीत सिंह निवासी अमर सिंह वाली नगर पंचायत मल्लांवाला अपने रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल पर रिश्तेदार की दो लड़कियों को पट्टी क्षेत्र में छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान हरिके की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार उपिंदर सिंह उछलकर सीधे नहर में जा गिरा, जबकि साथ बैठी दो युवतियां नीतिमा और नीचित सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायल युवतियों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें श्री मुक्तसर साहिब रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं नहर में गिरे युवक उपिंदर सिंह की तलाश के लिए बचाव दल द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।

