पेपर लीक को लेकर जालंधर में यूथ कांग्रेस ने लगाया धरना, जिला प्रशासन को सौंपा मांग पत्र
punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 04:31 PM (IST)
जालंधर : आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल के दौरान पंजाब में लीक हुए विभिन्न पेपरों में शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग करते हुए यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रधान शुभम शर्मा शुभी की अगवाई में आज जालंधर में यूथ कांग्रेस ने डीसी दफ्तर के सामने धरना प्रदर्शन किया। धरना स्थल से लेकर डीसी दफ्तर तक मार्च करते हुए यूथ कांग्रेस प्रदेश प्रधान शुभी ने जिला प्रशासन को मांग पत्र भी सौंपा। वहीं आज फिर दिल्ली में यूजीसी-नेट का पेपर लीक होने पर अफसोस जाहिर किया और कहा कि इतना कुछ होने के बावजूद केंद्र सरकार लीक को रोक नहीं पा रही है। सरकार एंटी पेपर लीक एक्ट लाने के बाद भी फेल साबित हुई है।

उन्होंने धरने को संबोधित करते और मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पंजाब में कुल 6 पेपर लीक हो चुके हैं, जिसमें 10 लाख से अधिक स्टूडेंट्स का भविष्य प्रभावित हुआ है। सरकार बनने के डेढ़ महीने बाद ही सबसे पहला तहसीलदारों की भर्ती का पेपर लीक हुआ था। सरकार इन पेपर लीक को छुपाने में लगी हुई है। शुभम शर्मा ने कहा कि यह स्टूडेंट्स कांग्रेसियों के बच्चे नहीं हैं, बल्कि पंजाब के बच्चे हैं। हम भी कांग्रेस के नेता नहीं बल्कि नौजवान के नाते पूरे पंजाब में जिला स्तर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। क्योंकि हमारे अंदर बाबा साहिब का भी खून दौड़ रहा है। महात्मा गांधी भी हमारे थे और शहीद भगत सिंह भी हमारे अंदर ही हैं। हमने असूलों से समझौता करना नहीं सीखा है। मान सरकार की तरफ से स्टूडेंट्स के साथ किया गया सलूक दुर्भाग्यपूर्ण है।

दिल्ली के जंतर मंतर में 'आप' नेता मनीष सिसोदिया से सवाल पूछने वाली घटना का जिक्र करते हुए प्रधान शुभी ने बताया कि जब उन्होंने सिसोदिया से पूछा कि 'आप' दिल्ली में नीट पेपर के स्टूडेंट्स की बात तो कर रहे हो, लेकिन पंजाब में 6-6 पेपर लीक होने के बावजूद मुख्यमंत्री भगवंत मान और शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस का इस्तीफा नहीं लिया गया। इसका जवाब देने की बजाए मनीष सिसोदिया ने मुझे ललकारा और कहा कि पंजाब में हमारी सरकार है, मैं तुम्हें वहां देखूंगा। मैंने भी कहा- ‘आप जब मर्जी पंजाब की सड़कों पर हमें देख लेना, हम राहुल गांधी के बब्बर शेर हैं, ईंट का जबाव पत्थर से देने वाले हैं।‘
आगे शुभम शर्मा शुभी ने बताया कि बीते दिनों यूथ कांग्रेस ने रोपड़ में शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस के घर का घेराव किया। तब भी पुलिस ने 2 किलोमीटर पहले ही बैरिकेड्स लगा दिए थे, लेकिन हमने बैरिकेड्स तोड़े भी और शिक्षा मंत्री के घर के बाहर पहुंच कर उनके पोस्टर पर मंत्री के मुंह पर कालिख भी पोती। यूथ कांग्रेस पंजाब के युवाओं को इंसाफ दिलाने तक चुप नहीं बैठेगी। नीट पेपर और अन्य पेपर लीक होने के मामले में सुसाइड करने वाले स्टूडेंट्स को इंसाफ दिलाने के मामले में भी शुभम शर्मा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल पूछे। कहा कि बताएं पंजाब सरकार ने इन सुसाइड करने वाले स्टूडेंट्स को इंसाफ दिलाने के लिए क्या किया। क्या शिक्षा मंत्री बैंस का इस्तीफा ले लिया। अपना इस्तीफा दे दिया। आप सरकार ने कुछ नहीं किया।
प्रदेश प्रधान ने कहा कि मान साहिब- अपने क्या उन माता-पिता का दर्द जानने की कोशिश की है, जिन्होंने अपने जवान बच्चों की अर्थियों को कंधे पर उठाया है। बच्चों की लाश को कंधा देते हुए उन माता-पिता के दिलों पर क्या बीतती है, आपने कभी जाना है। मुख्यमंत्री भगवंत मान को चाहिए कि वह तुरंत शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लें और पेपर लीक होने से रोकने के लिए ठोस सिस्टम बनाया जाए। शुभम शर्मा पेपर लीक के मामले में ही पंजाब भर में मीटिंगों का सिलसिला चला रहे हैं। आज कपूरथला में जिला कार्यकारिणी की मीटिंग भी करने जा रहे हैं। इस धरने में यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव दीपक खोसला, जिला प्रधान शहरी अंगद दत्ता और यूथ कांग्रेस देहाती के प्रधान मनप्रीत चड्ढा समेत अन्य प्रदेश कार्याकारिणी सदस्य भी पहुंचे और उन्होंने धरने को संबोधित किया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

