Youtuber मनी शौकर और दिलप्रीत कोर्ट में पेश, इतने दिन के लिए भेजा जेल

punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 06:54 PM (IST)

जालंधर  (जतिंदर भारद्वाज): माननीय ड्यूटी मजिस्ट्रेट मिस मनमोहनप्रीत कौर की अदालत में यू-ट्यूबर मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शौकर पुत्र जसविंदर सिंह निवासी गांव अट्टा, फिल्लौर और दिलप्रीत पुत्र गुरनेक सिंह निवासी गांव धर्म सिंह वाला, जिला मोगा को आर्म्स एक्ट के मामले में 6 दिन का रिमांड खत्म होने के बाद भारी पुलिस बल के साथ दोबारा अदालत में पेश किया गया।

इस दौरान थाना सदर की पुलिस ने सरकारी वकील के माध्यम से अदालत से दोनों आरोपियों का 5 दिन का और पुलिस रिमांड मांगा। वहीं आरोपियों के वकील नवतेज सिंह मिन्हास ने अदालत के समक्ष बहस की। अदालत ने दलीलों से सहमत होते हुए मनी शौकर के रिमांड से इनकार कर दिया और दोनों आरोपियों को 14 दिन के न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने के आदेश जारी किए।

उल्लेखनीय है कि इस मामले में थाना सदर की पुलिस ने नाजायज पिस्तौल रखने के आरोप में मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शौकर, दिलप्रीत सिंह और मेयर सिंह निवासी लुधियाना को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों द्वारा बताए गए ठिकानों से 4 ग्लॉक पिस्तौल और 2 देसी पिस्तौल बरामद करने का दावा किया है।

वहीं आरोपी मेयर सिंह, लुधियाना का रिमांड खत्म होने के बाद कल अदालत में पेश किया जाएगा। मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शौकर और दिलप्रीत को 1 अक्टूबर को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News