चलती कार से आर्इ चीखों की आवाज, मंजर देख दहल गए लोग
punjabkesari.in Monday, Oct 16, 2017 - 10:53 AM (IST)
जालंधर (महेश): जमशेर मेन रोड पर अजीत टिम्बर स्टोर के नजदीक ट्रैक्टर-ट्राली व आल्टो कार की आमने-सामने की हुई भीषण टक्कर में कार सवार एक ही परिवार के आधी दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची थाना सदर की पुलिस ने घायलों को एम्बुलैंस बुलाकर पिम्स व सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। घायलों में एक बुजुर्ग महिला समेत 3 महिलाएं, 1 युवक तथा 3 बच्चे शामिल हैं।
एस.एच.ओ. थाना सदर सुखदेव सिंह औलख ने बताया कि कार सवार सभी लोग गांव भोडे सपराए के निवासी हैं जो कि गांव धीना अपनी रिश्तेदारी में गए हुए थे। वहां से वापस आल्टो कार में भोडे सपराए जा रहे थे। रास्ते में जमशेर की तरफ से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली के चालक ने उनमें टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए और कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
ट्रैक्टर-ट्राली चालक मलकीत सिंह पुत्र निर्मल सिंह निवासी गांव माणके थाना करतारपुर जिला जालंधर को काबू कर लिया गया है। पुलिस ने उसकी ट्रैक्टर-ट्राली भी अपने कब्जे में ले ली है। एस.एच.ओ. सुखदेव सिंह औलख ने कहा है कि घायलों के बयान पर ही मलकीत सिंह पर बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उससे और पूछताछ जारी थी। समाचार लिखे जाने तक घायलों के नामों की जानकारी नहीं मिली थी।