आप्रेशन ब्ल्यू स्टार के बाद तनाव कम करने में खुशवंत सिंह की अहम भूमिका रही: कैप्टन

punjabkesari.in Tuesday, Aug 08, 2017 - 02:21 AM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कहा है कि पंजाब में आप्रेशन ब्ल्यू स्टार के बाद तनाव कम करने में प्रमुख लेखक खुशवंत सिंह ने भी अहम भूमिका निभाई थी। आप्रेशन ब्ल्यू स्टार के बाद लोगों में नाराजगी को कम करने के लिए एक टीम का गठन किया गया था, जिसके खुशवंत सिंह महत्वपूर्ण सदस्य थे। उन्होंने कहा कि खुशवंत सिंह सच्चाई पर पहरा देने वाले लेखक थे तथा वह हमेशा सत्य लिखा करते थे। 

कैप्टन सोमवार को दिल्ली में मोंटेक सिंह आहलूवालिया के साथ खुशवंत सिंह पर विजय नारायण शंकर तथा ओंकार सिंह द्वारा लिखी एक पुस्तक ‘खुशवंत सिंह-इन विजडम एंड इन जैस्ट’ को रिलीज कर रहे थे। भारत में आपातकाल व नसबंदी का खुशवंत सिंह द्वारा समर्थन करने के फैसले बारे पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय लिए जाने वाले कुछ फैसलों पर हम सहमत भी हो सकते हैं और असहमत भी, परन्तु इस समय देश में बढ़ती जनसंख्या एक गंभीर विषय है। खुशवंत सिंह हृदय से बोला करते थे। उन्होंने कहा कि स्व. खुशवंत सिंह सिख धार्मिक पाठ (प्रार्थना) करने में पूरी तरह से प्रवीण थे। समारोह में योजना आयोग के पूर्व डिप्टी चेयरमैन मोंटेक सिंह आहलूवालिया व पूर्व अटार्नी जनरल सोली सोराबजी ने भी भाग लिया।

कैप्टन ने कहा कि पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद वह अन्य व्यस्तताओं के कारण खुशवंत सिंह के घर में डेढ़ घंटा देरी से पहुंचे थे परंतु खुशवंत सिंह ने उस समय उनका स्वागत करने से इंकार कर दिया था क्योंकि वह रात्रि भोज कर रहे थे। इसलिए उन्हें खुशवंत सिंह से घर से वापस लौटना पड़ा था। मोंटेक सिंह ने भी कहा कि खुशवंत सिंह को पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह भी काफी पसंद करते थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News