जमीन विवाद में डबल मर्डर: बड़े भाई ने छोटे भाई और भाभी को गोलियां मार उतारा मौ+त के घाट

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 08:38 AM (IST)

गुरदासपुर(हरजिंदर सिंह गोराया) : थाना काहनूवान के अधीन पड़ते गांव नैणेकोट में बुधवार देर शाम जमीन विवाद को लेकर रिश्तों का खौफनाक अंत देखने को मिला। बड़े भाई ने कथित तौर पर अपने छोटे भाई और भाभी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि आरोपी अमरजीत सिंह उर्फ अंबा घटना के बाद पुलिस के सामने पेश हो गया।

मृतकों की पहचान अजयब सिंह और उनकी पत्नी कमल कौर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अजयब सिंह को गांव के बाहर एक पोल्ट्री फार्म के पास गोली मारी गई, जबकि उनकी पत्नी कमल कौर की हत्या घर में घुसकर की गई। परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और गांववासियों ने बताया कि तीनों भाइयों के बीच जमीन-जायदाद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों परिवार पहले टाटानगर, झारखंड में रहते थे, लेकिन पिछले करीब एक साल से अपने पैतृक गांव नैणेकोट में अलग-अलग घरों में रह रहे थे। करीब 9 किल्ले जमीन के बंटवारे को लेकर कई बार पंचायत स्तर पर समझौते की कोशिश भी की गई, लेकिन मामला सुलझ नहीं सका।

रिश्तेदार हरजीत सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी अमरजीत सिंह ने पहले अजयब सिंह का पीछा कर उन्हें गोली मारी और बाद में घर पहुंचकर उनकी पत्नी कमल कौर की भी हत्या कर दी। मौके पर पहुंचे डीएसपी कुलवंत सिंह मान ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह जमीन का विवाद सामने आई है। पुलिस ने आरोपी अमरजीत सिंह पुत्र हरभजन सिंह को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News