बिजली ट्रांसफार्मरों को चोरों ने बनाया निशाना, मामले की जांच कर रही पुलिस

punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 05:53 PM (IST)

टांडा उड़मुड़ (पंडित): इलाके में बिजली ट्रांसफार्मरों से कीमती सामान चोरी करने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। चोरों ने गांव हेजमा और झज्जां में लगे बिजली के 2 ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाते हुए उनमें से कॉपर और अन्य कीमती पुर्जें चोरी कर लिए। इन घटनाओं के कारण संबंधित ट्रांसफार्मरों से चलने वाली बिजली सप्लाई बंद हो गई है।

इस संबंध में गांव हेजमा निवासी नसीब चंद पुत्र धन्ना राम ने बताया कि आज सुबह जब उन्हें खेतों में लगे ट्रांसफार्मर से चोरी होने की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों को दे दी। उन्होंने बताया कि चोरों ने उनके खेतों में लगे ट्रांसफार्मर को नीचे उतारकर उसमें से कीमती कॉपर निकाल लिया और चोरी करके फरार हो गए।

इसी तरह बीती रात चोरों ने गांव झज्जां में वाटर सप्लाई स्कीम के लिए लगाए गए बिजली ट्रांसफार्मर को भी निशाना बनाया। चोर इस ट्रांसफार्मर में से भी कॉपर चोरी कर ले गए। इन वारदातों के कारण दोनों स्थानों पर संबंधित ट्रांसफार्मरों से जुड़ी बिजली सप्लाई प्रभावित हो गई है, जिससे किसानों और अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले गांव बाबक में भी चोरों द्वारा बिजली ट्रांसफार्मर चोरी करने की घटना को अंजाम दिया जा चुका है। लगातार सामने आ रही इन वारदातों से क्षेत्र के किसानों में चिंता और रोष पाया जा रहा है। इलाके के किसानों ने पुलिस प्रशासन और पावरकॉम के अधिकारियों से मांग की है कि खेतों में लगे बिजली ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह का जल्द पता लगाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News