रेल बजटः पटरी से उतरी पंजाब की उम्मीदों की ट्रेन
punjabkesari.in Saturday, Jan 14, 2017 - 01:50 PM (IST)

चंडीगढ़(भुल्लर): मोदी सरकार के दूसरे रेल बजट में भी पंजाब की उम्मीदों की ट्रेन पटरी से उतर गई। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने 2016-17 के रेल बजट में पंजाब के सांसदों की कई उम्मीदें पूरी नहीं कीं। मालवा क्षेत्र की राजधानी चंडीगढ़ से ट्रेन कनैक्टिविटी की मांग नजरअंदाज कर दी गई।
हालांकि, इसके लिए पटियाला व संगरूर से ‘आप’ सांसदों क्रमश: डा. धर्मबीर गांधी व भगवंत मान के अलावा आनंदपुर साहिब से अकाली सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने भी पूरा जोर लगाया था। रेल बजट में पंजाब के लिए सिर्फ अमृतसर रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण तथा फिरोजपुर से पट्टी सीधी लाइन बनाने के प्रस्ताव ही सामने आए हैं।
बता दें कि यू.पी.ए. सरकार के समय पूर्व रेल मंत्री पवन कुमार बंसल ने पंजाब के लिए अहम रेल प्रोजैक्ट दिए थे। 2015-16 के पहले बजट में भी सुरेश प्रभु ने पंजाब को निराश ही किया था। अब दूसरे बजट में भी पंजाब के हाथ कुछ खास नहीं लगा।
रेलवे को सही ट्रैक पर रखने वाला बजट: बादल
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने रेल बजट को संतुलित और दूरदर्शी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट भारतीय रेल को सही ट्रैक पर डालेगा। उन्होंने कहा कि अमृतसर और नांदेड़ स्टेशनों को सौंदर्यीकरण प्रोजैक्ट में शामिल करना और यात्रियों को अधिक से अधिक सुविधाएं प्रदान करने का प्रयास पंजाब के लोगों को बड़ा तोहफा है। इससे राज्य में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अहम तीर्थ स्थलों को जोडऩे के लिए आस्था सर्किट ट्रेन का भी स्वागत किया।