ससुराली कहते थे सिखाएंगे सबक,परेशानी में ऑटो चालक ने दी जान

punjabkesari.in Monday, Jul 16, 2018 - 11:33 AM (IST)

मोगा(आजाद): गांव ढुडीके निवासी आटो चालक ने ससुरालियों से तंग आकर कोई जहरीली दवाई खाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार गुरप्रीत सिंह की शादी की करीब डेढ़ वर्ष पहले गांव खोसा रणधीर में हुई थी और 22 मार्च, 2018 को उसके घर एक बेटे ने जन्म लिया। अप्रैल में दम्पति के मध्य विवाद होने के कारण उसकी पत्नी अपने मायके घर चली गई।

मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने व उनके बेटे ने उसे लाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन उसने आने से इंकार कर दिया। हमने इस संबंध में बिचौलिए से भी बातचीत की, लेकिन उसने भी   कोई बात नहीं सुनी। इसी बात को लेकर उनका बेटा काफी समय से मानसिक तौर पर परेशान रहता था क्योंकि उसके ससुराली परिवार वाले उसे बार-बार सबक सिखाने की धमकी देते रहते थे। गत दिवस गांव नत्थूवाला-डाला के मध्य सड़क पर गुरप्रीत सिंह नीम बेहोशी की हालत में मिला, जिसे नजदीकी एक किसान ने कुछ अन्य लोगों की मदद से सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

क्या कहना है थाना प्रभारी का..
जब इस संबंध में थाना मैहना के प्रभारी दिलबाग सिंह से बात की तो उन्होंने कहा कि मृतक गुरप्रीत सिंह के पिता सुखदेव सिंह ने भी आरोप लगाया है कि उसके बेटे ने ससुरालियों तथा कुछ अन्य सदस्यों से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त की है, लेकिन वह मामले की जांच कर सच्चाई जानने का प्रयास कर रहे हैं। मृतक के परिजनों के बयानों पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी और शव को सिविल अस्पताल मोगा से पोस्टमार्टम करवाने उपरांत परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मैहना पुलिस ने मृतक के पिता सुखदेव सिंह के बयानों पर मृतक की पत्नी गुरमीत कौर, सास  अंग्रेज कौर, 2 सालों अमनदीप सिंह व गगनदीप सिंह निवासी  गांव खोसा रणधीर तथा विचौलिया सुखवंत सिंह निवासी राहलकोठे के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News