2000 करोड़ का टैंडर घोटाला: पूर्व मंत्री आशू के खिलाफ विजीलैंस जांच शुरू

punjabkesari.in Friday, Aug 19, 2022 - 09:38 AM (IST)

चंडीगढ़/लुधियाना (रमनजीत, राज): पंजाब के पूर्व खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री भारत भूषण आशू के कार्यकाल के दौरान हुए कथित 2000 करोड़ रुपए के टैंडर घोटाले में अब विजीलैंस ने आशू के खिलाफ सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। इसी संबंध में आज विजीलैंस ने जालंधर में भी जांच की।विजीलैंस टीम ने वीरवार को जालंधर के आर.टी.ए. दफ्तर पहुंच कर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सामान की ढुलाई व सप्लाई को लेकर दर्ज वाहनों के पंजीकरण की पड़ताल की। ध्यान रहे कि लुधियाना में विजीलैंस विभाग ने पर्चा दर्ज किया है। बुधवार को आशू के पी.ए. मीनू मल्होत्रा के घर पर विजीलैंस ने छापेमारी भी की थी, लेकिन वह फरार हो गया था। 

मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से विजीलैंस को भेजी गई फाइल में उन सभी वाहनों के पंजीकरण नंबर हैं, जिनके द्वारा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अनाज की ढुलाई एवं सप्लाई की जाती थी। हालांकि इनमें से कई नंबर दोपहिया वाहनों के हैं, जबकि ठेकेदारों ने कई टन अनाज इन्हीं पर ढोया दिखाया है। विजीलैंस इसी की जांच कर रही है।उधर, नवांशहर के कांट्रैक्टर तेलू राम की गिरफ्तारी के बाद विजीलैंस ने कांट्रैक्टर संदीप भाटिया, जगरूप, पूर्व मंत्री के नजदीकी मीनू पंकज मल्होत्रा को नामजद कर लिया है। अब विजीलैंस की टीम ने फूड एंड सप्लाई विभाग के पूर्व डिप्टी डायरैक्टर रमेश कुमार को भी नामजद किया है। बताया जा रहा है कि वह भी इस टैंडर घोटाले में संलिप्त था। आरोप है कि मीनू पंकज मल्होत्रा ने रमेश कुमार के साथ मिलीभगत करके ही टैंडर घोटाले को अंजाम दिया था। आज विजीलैंस टीम की कार्रवाई के दौरान चर्चा थी कि विजीलैंस ने पूर्व मंत्री को भी केस में नामजद किया है लेकिन एस.एस.पी. ने इस बात से इंकार किया है। सूत्र बताते हैं कि तेलू राम ने पूछताछ के दौरान विजीलैंस को महानगर के कई कांग्रेसियों के नाम उगले हैं जिनमें एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भी शामिल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News