Jalandhar Firing केस में 3 आरोपी Arrest, जेल में हुए झगड़े से शुरू हुई थी रंजिश
punjabkesari.in Friday, Nov 13, 2026 - 06:59 PM (IST)
जालंधर(सोनू): जालंधर के गुरु नानक नगर में घर पर हुई फायरिंग के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात को अंजाम देने के पीछे पुरानी रंजिश थी, जिसकी शुरुआत जेल में हुए झगड़े से हुई थी। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद दोनों पक्षों के बीच फोन पर विवाद बढ़ गया और परिवारों को जान से मारने की धमकियां दी गईं। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर पर गोलियां चलाई थीं।
डी.सी.पी. मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को शिकायतकर्ता साहिल की ओर से बताई गई शुरुआती कहानी में कुछ तथ्य संदिग्ध लगे। इसके बाद उससे गहन पूछताछ की गई, जिसमें पुरानी दुश्मनी और जेल में हुए विवाद की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, साहिल का जेल में 302 के एक मामले में बंद व्यक्ति के साथ झगड़ा हुआ था, वहीं डिवीजन नंबर-7 इलाके में रहने वाले एक अन्य युवक के साथ भी उसकी पुरानी रंजिश थी।
इस समय संबंधित युवक विदेश में बताया जा रहा है। जेल में हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों ने फोन पर एक-दूसरे को चुनौती दी और परिवारों को लेकर धमकियां दीं। इसके बाद गढ़ा क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने अपने साथियों को साथ लेकर साहिल के घर पर फायरिंग करवाई। पुलिस ने इस मामले में बाबा बकाला के रहने वाले जश्न उर्फ जश्नदीप, जगजीत सिंह और अमरिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। जश्न ने ही मौके पर फायरिंग की थी।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में जश्नदीप के खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एन.डी.पी.एस. और स्नैचिंग से संबंधित केस शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और एक देसी कट्टा बरामद किया है। इसके अलावा 35 बोर का एक कारतूस भी मिला है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लेकर पूछताछ करेगी ताकि फायरिंग में शामिल अन्य व्यक्तियों और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों का पता लगाया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

