707 आंगनवाड़ी केंद्रों को मिलेंगे वाटर कूलर, नौजवानों की पहल बनी मिसाल
punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 12:10 PM (IST)
लुधियाना(विक्की) : गर्मियों के मौसम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों को साफ और ठंडा पीने वाला पानी मुहैया करवाने के उद्देश्य से चार सामाजिक संस्थाओं ने मिलकर जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए कुल 707 वाटर कूलर दान करने की महत्वपूर्ण पहल की है।
इस मुहिम की अगुवाई डू गुड फाउंडेशन की तरफ से की गई, जिसने 557 वाटर कूलर मुहैया करवाए। इसके अलावा सिटीनीड्स, नर सेवा फाउंडेशन और भारत विकास परिषद विवेकानंद सेवा ट्रस्ट ने 50-50 वाटर कूलर दान करके इस समाज सेवी कार्य में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस पहल की विशेष बात यह रही कि डू गुड फाउंडेशन से जुड़े बच्चों ने भी फंड इकट्ठा करने और लोगों को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाई। नौजवानों की इस भागीदारी ने यह संदेश दिया कि समाज सेवा, हमदर्दी और जिम्मेदारी की भावना छोटी उम्र से ही विकसित की जा सकती है।
इन शानदार प्रयासों की सराहना करते हुए डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने योगदान देने वाले नौजवानों आदित्य पाहवा, राजवीर नंदा, रणवीर वर्मा, माहिरा परूथी, यशवी खुराना, अनाहिता अग्रवाल, शिवोम सचदेवा, आरव दादू, रूहान लाकड़ा, नायरा गुप्ता, अन्या गर्ग, जयवीर सिंह और आलिया गुप्ता को प्रशंसा पत्र भेंट करके सम्मानित किया। इन वाटर कुलरों की स्थापना से जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले हजारों बच्चों को साफ और ठंडा पानी उपलब्ध होगा, जिससे गर्मियों के दौरान उनकी सेहत की बेहतर संभाल हो सकेगी।

