पंजाब में 48 घंटों में 9 लड़कियां लापता! सवालों के घेरे में पंजाब सरकार

punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 07:15 PM (IST)

लुधियाना : लुधियाना में लड़कियों के लगातार लापता होने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पिछले 48 घंटों के दौरान शहर से 5 और लड़कियों के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने की खबर सामने आई है। इसके साथ ही दो दिनों में लापता हुई लड़कियों की कुल संख्या बढ़कर 9 पहुंच गई है, जिससे पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लड़कियों के गायब होने की शिकायतें दर्ज करवाई गई हैं। परिवारों का कहना है कि उनकी बेटियां अचानक घर से निकलीं और फिर वापस नहीं लौटीं। कई मामलों में परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताई है।

इस मुद्दे पर जालंधर की नेत्री डॉ. जसलीन सेठी ने भी पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि पंजाब में बेटियों का लगातार लापता होना बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब पुलिस के डीजीपी से तुरंत कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सभी मामलों की जांच के लिए SIT गठित की जाए और बेटियों को सुरक्षित घर पहुंचाया जाए।

वहीं, अमृतसर से ऑस्ट्रेलियाई मैथ टीचर सुनील शर्मा के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला भी अभी तक चर्चा में बना हुआ है, जिसके चलते पंजाब की कानून व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

सेठी ने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और डी.जी.पी. पंजाब पुलिस तुरंत जवाब दें, SIT गठित कर सभी बेटियों को सुरक्षित घर पहुंचाया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। पंजाब की बेटियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं! 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News