आम आदमी मोहल्ला क्लिनिक कर्मचारियों का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, कहा- जल्द पूरी हों जायज मांगें

punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 01:27 PM (IST)

दीनानगर (हरजिंदर सिंह गोराया) : आम आदमी मोहल्ला क्लिनिक सांझा मोर्चा ने अपनी लंबे समय से चली आ रही मांगों को लेकर आज सिविल सर्जन ऑफिस गुरदासपुर के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों ने मांग की कि मोहल्ला क्लिनिक में काम कर रहे डॉक्टरों और दूसरे कर्मचारियों को तुरंत पक्का किया जाए और उनकी दूसरी जायज मांगों को भी जल्द पूरा किया जाए।

धरने को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि अभी गुरदासपुर जिले में 70 आम आदमी मोहल्ला क्लिनिक लोगों को सेहत सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। इन क्लिनिक में करीब 210 डॉक्टर और दूसरे कर्मचारी अपनी सर्विस दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोहल्ला क्लिनिक में लोगों के लिए 47 तरह के फ्री टेस्ट और 107 तरह की फ्री दवाइयां मिलती हैं। हर दिन औसतन 70 से 80 मरीज इलाज के लिए क्लिनिक पहुंचते हैं और हजारों लोग इन सर्विस का फायदा उठा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो इसका सीधा असर लोगों को मिल रही हेल्थ सर्विसेज पर पड़ सकता है और मरीजो को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।

इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के पंजाब प्रधान इंदरपाल सिंह बैंस भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए और मोहल्ला क्लीनिक कर्मचारियों को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों को सरकार को जल्द ही मान लेना चाहिए ताकि हेल्थ सर्विसेज पर असर न पड़े। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से अपील की कि कर्मचारियों को परमानेंट करके उनका भविष्य सुरक्षित किया जाए और जनता के हित में मोहल्ला क्लीनिक के काम को और मजबूत किया जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News