पंजाब में बड़ी वारदात: शादी समारोह में AAP सरपंच की गोली मारकर ह+त्या
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 04:58 PM (IST)
तरनतारन (रमन): पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति इस कदर बिगड़ चुकी है कि सत्ताधारी दल के नेता भी सुरक्षित नहीं हैं। अब एक बार फिर आम आदमी पार्टी के मौजूदा सरपंच की एक विवाह समारोह के दौरान सरेआम गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से जहां शादी की खुशियां मातम में बदल गईं, वहीं बारात में चीख-पुकार मच गई। गोलीबारी में सरपंच का एक अन्य साथी भी घायल हो गया, जिसे अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद अज्ञात हमलावर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद थाना सरहाली की पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जिला तरनतारन के अंतर्गत गांव ठठियां महंतां के 45 वर्षीय मौजूदा सरपंच हरभिंदर सिंह पुत्र इकबाल सिंह, जो आम आदमी पार्टी से जुड़े थे, अपने ही गांव के निवासी सेवक सिंह के बेटे के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान जब हरपिंदर सिंह स्टेज पर अपने साथियों और रिश्तेदारों के साथ नृत्य कर रहे थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
गोली लगने से हरपिंदर सिंह के पेट और सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस फायरिंग में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसे अमृतसर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद जिले के एसएसपी सुरिंदर लांबा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विवाह समारोह में हुई इस वारदात की जांच शुरू कर दी है।

