लुधियाना में ट्रांसफार्मर लगाते समय बड़ा हादसा: पोल से नीचे गिरा ₹3 लाख का ट्रांसफार्मर, 2 कर्मचारी घायल
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 11:03 AM (IST)
लुधियाना (राज): हैबोवाल स्थित लक्ष्मी नगर इलाके में मंगलवार शाम बिजली सुधार कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा पेश आया। खंभे पर 300 केवीए (KVA) का नया ट्रांसफार्मर स्थापित करते समय वह अचानक अनियंत्रित होकर नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आने से पोल पर व नीचे काम कर रहे दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक कर्मचारी की दोनों टांगें भारी-भरकम ट्रांसफार्मर के नीचे दबने से बुरी तरह कुचल गईं, जबकि दूसरे के दांत टूट गए। घायल को तुरंत दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMC) में भर्ती कराया गया है।
बिजली सप्लाई मजबूत करने के लिए लगाया जा रहा था 300 KVA ट्रांसफार्मर
जानकारी के अनुसार, पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के अग्र नगर डिवीजन (यूनिट-2) की ओर से लक्ष्मी नगर क्षेत्र में ओवरलोडिंग की समस्या दूर करने और बिजली आपूर्ति सुचारू करने के लिए क्षमता वृद्धि (ऑगमेंटेशन) का कार्य किया जा रहा था। इसके तहत पुराने कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर को हटाकर करीब 3 लाख रुपये मूल्य का 300 KVA का नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा था। इसके लिए सोमवार से नए खंभे लगाने का काम शुरू किया गया था।
सोमवार को टूटी थी पानी की मुख्य पाइपलाइन
बताया जा रहा है कि सोमवार को पोल लगाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान नगर निगम की करीब 8 इंच चौड़ी पानी की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे इलाके की सड़क पर भारी मात्रा में पानी बहने लगा था। नगर निगम अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद काम रुकवाया गया और देर रात पाइपलाइन की मरम्मत करवाई गई।
क्रेन से पोल पर रखते ही नीचे गिरा ट्रांसफार्मर, मची चीख-पुकार
मंगलवार देर शाम कर्मचारी क्रेन की सहायता से नए ट्रांसफार्मर को खंभे के ऊपर फिट करने का प्रयास कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर को पोल पर रखे जाने के कुछ ही पलों बाद वह अचानक संतुलन बिगड़ने से सीधे नीचे गिर गया। इस दौरान नीचे काम कर रहे कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक कर्मचारी के नीचे दबने से दोनों पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गए, जबकि दूसरे कर्मचारी के चेहरे पर चोट लगने से दांत टूट गए। वहीं, पीएसपीसीएल के नियमित सीएचबी (CHB) कर्मी गुरमीत सिंह को भी हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद राहत मिल गई।
सुरक्षा मानकों की उड़ीं धज्जियां, ठेकेदार पर लटकी तलवार
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों (Safety Norms) की पूरी तरह अनदेखी की जा रही थी और कर्मचारी बिना किसी पुख्ता सेफ्टी किट और सुरक्षा उपकरणों के काम कर रहे थे। हादसे के तुरंत बाद पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई। सूचना मिलते ही अग्र नगर डिवीजन के एडिशनल एसई (Addl. SE) और यूनिट-2 के एसडीओ (SDO) समेत बिजली बोर्ड के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जांच शुरू, ठेकेदार पर होगा एक्शन
पीएसपीसीएल अधिकारियों ने पुष्टि की कि यह हादसा ट्रांसफार्मर ऑगमेंटेशन प्रक्रिया के दौरान हुआ है। तकनीकी खामी और लापरवाही के कारणों की जांच करवाई जा रही है। पावरकॉम के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों में लापरवाही बरतने के चलते संबंधित आउटसोर्स कंपनी और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

