Ludhiana में 35-40 साल पुराने कब्जे पर चला ट्रस्ट का पीला पंजा, करवाया कब्जा मुक्त
punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 04:53 PM (IST)
लुधियाना (हितेश): लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की ओर से जमीनों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। मंगलवार को ट्रस्ट ने ब्लॉक-Z में करीब 3000 वर्ग गज जमीन को कब्जा मुक्त करवाया। बताया जा रहा है कि इस जमीन पर पिछले 35-40 वर्षों से कब्जा था। जानकारी के अनुसार, 11 अगस्त को ट्रस्ट की ओर से कार्रवाई करते हुए ब्लॉक-Z स्थित ट्रस्ट की जमीन को कब्जा मुक्त करवाया गया। यह जमीन ट्रस्ट की महत्वपूर्ण संपत्ति बताई गई है। ट्रस्ट अधिकारियों के अनुसार, जमीन को कब्जा मुक्त करवाने के बाद इससे ट्रस्ट को आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है।
मॉडल टाउन एक्सटेंशन में भी एक्शन
इसके अलावा ट्रस्ट की ओर से मॉडल टाउन एक्सटेंशन भाग-2 के ब्लॉक-D में स्थित ट्रस्ट की दुकानों को भी कब्जा मुक्त करवाया गया। बताया गया है कि इन दुकानों को आगामी बोली के दौरान बेचा जाएगा।
अवैध कब्जाधारकों को चेतावनी
ट्रस्ट के चेयरमैन की ओर से अन्य अवैध कब्जाधारकों को भी चेतावनी दी गई है कि जिन लोगों ने ट्रस्ट की संपत्तियों पर अवैध कब्जे किए हुए हैं, वे स्वयं कब्जे खाली कर दें। ऐसा न करने पर ट्रस्ट की ओर से नियमानुसार कब्जे हटाने की कार्रवाई की जाएगी और संबंधित कब्जाधारकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
चेयरमैन तरसेम सिंह भिंडर ने कहा कि ट्रस्ट की संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त करवाने की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान ट्रस्ट के कार्यकारी इंजीनियर विक्रम कुमार, नरिंदर सिंगला , सहायक ट्रस्ट इंजीनियर बलबीर सिंह, जसकरनबीर सिंह, समूह जे.ई. और फील्ड स्टाफ मौके पर मौजूद थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

