Ludhiana में नहीं थम रहा नशे का काला कारोबार, खुलेआम प्राइवेट पार्ट पर इंजेक्शन लगाते दिखे नशेड़ी, वीडियो आए सामने

punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 10:38 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर की ताजपुर रोड स्थित बिहारी कालोनी में पुलिस की तमाम कोशिशों और दावों के बावजूद नशा तस्करी का धंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा है। इलाके में हालात इस कदर बदतर हो चुके हैं कि नशा खरीदने के बाद युवक खुलेआम गलियों और सुनसान कोनों में इंजेक्शन लगाते देखे जा सकते हैं। नशे की ओवरडोज के बाद कई युवक सुध-बुध खोकर जॉम्बी की तरह इधर-उधर झूमते और बेसुध पड़े नजर आते हैं। पंजाब केसरी लगातार इस संवेदनशील इलाके में पनप रहे नशे के नेटवर्क के खिलाफ आवाज उठाता रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत आज भी बेहद डरावनी बनी हुई है।

पंजाब केसरी की टीम के हाथ इलाके से जुड़े कुछ बेहद चौंकाने वाले वीडियो लगे हैं। इन वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह नशा करने के बाद युवक अपनी चेतना खोकर अजीबोगरीब हरकतों के साथ खड़े हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि नसों के ब्लॉक हो जाने के कारण एक युवक खुलेआम अपने प्राइवेट पार्ट पर नशे का इंजेक्शन लगाता हुआ दिखाई दे रहा है। यह दृश्य बयां करने के लिए काफी है कि इलाके में नशे की लत किस खतरनाक और जानलेवा स्तर तक पहुंच चुकी है।

जनता ने तस्कर पकड़े, फिर भी सप्लाई लाइन नहीं टूटी

स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे इस दलदल से अपने बच्चों और इलाके को बचाने के लिए कई बार खुद आगे आए हैं। जनता ने खुद हिम्मत दिखाते हुए कई नशा तस्करों और नशेडिय़ों को रंगे हाथ पकडक़र पुलिस के हवाले भी किया, लेकिन कुछ ही दिनों बाद नए पैडलर सक्रिय हो जाते हैं और नशे की सप्लाई चेन दोबारा शुरू हो जाती है।

डिवीजन नंबर-7 पुलिस के प्रयास नाकाफी, नशा मुक्ति केंद्र भेजने की मुहिम भी बेअसर

थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस का दावा है कि वह इलाके में लगातार छापेमारी कर रही है और पकड़े गए नशा पीडि़तों को नशा छुड़ाओ केंद्रों में भेजकर मुख्यधारा में लाने का प्रयास कर रही है। हालांकि, जमीनी स्तर पर नशे का बहाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि बिहारी कालोनी और आसपास के इलाकों में नशा सप्लाई करने वाले बड़े सरगनाओं पर शिकंजा कसा जाए और 24 घंटे पुलिस की सख्त निगरानी व गश्त सुनिश्चित की जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News