Bathinda: दीपावली की मिठास में मिलावट का जहर! लोगों की सेहत से हो रहा खिलवाड़
punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 05:31 PM (IST)
बरेटा (बांसल) : दीपावली के त्यौहार को देखते हुए शहर के बाजारों में नकली और मिलावटी मिठाइयों की बिक्री धड़ल्ले से जारी है। त्यौहारों के इस सीजन में मुनाफा कमाने की होड़ में कई दुकानदार लोगों की सेहत के साथ खुलेआम खिलवाड़ कर रहे हैं। दीपावली के दौरान मिठाइयों की मांग कई गुना बढ़ जाती है। इसका फायदा उठाते हुए कुछ दुकानदार खोया, पनीर, घी और अन्य खाद्य सामग्री में मिलावट कर रहे हैं।
सस्ते और घटिया गुणवत्ता वाले कच्चे माल से तैयार ये मिठाइयां देखने में तो आकर्षक लगती हैं, लेकिन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक साबित हो सकती हैं। छापेमारी की भनक लगते ही एक-दूसरे को सतर्क कर दिया जाता है और संदिग्ध सामान छिपा दिया जाता है। इस तरह अधिकारियों की आंखों में धूल झोंककर यह गोरखधंधा बेरोकटोक चल रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, मिलावटी मिठाइयां खाने से पेट संबंधी बीमारियां, फूड पॉइजनिंग, उल्टी-दस्त और लंबे समय में गंभीर रोग भी हो सकते हैं। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए इसका खतरा और भी अधिक है।
शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि दीपावली से पहले बड़े स्तर पर अचानक छापेमारी की जाए, मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएं तथा दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उधर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है और दोषियों के साथ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी। अब देखना यह होगा कि विभाग ऐसे दुकानदारों के खिलाफ वास्तव में कोई कार्रवाई करता है या फिर अधिकारियों की आंखों में धूल झोंकने के लिए दुकानदारों द्वारा की जा रही मिलीभगत ही कामयाब रहती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

