पंजाब पुलिस से रिटायर्ड होने के बाद बलकार सिंह अब चुनावी मैदान में उतरने को तैयार

punjabkesari.in Tuesday, Feb 02, 2021 - 12:06 PM (IST)

जालंधर(मृदुल): पंजाब पुलिस से रिटायर्ड हुए जालंधर के डी.सी.पी. बलकार सिंह अब चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। हालांकि वह किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे, यह अभी तय नहीं है मगर उन्होंने पंजाब की सबसे बड़ी व पुरानी पार्टी से चुनाव लड़ने का इशारा दिया है। दलित समाज का सबसे बड़ा चेहरा होने के नाते व जालंधर जिले में सबसे ज्यादा रसूख रखने वाले रिटायर्ड डी.सी.पी. बलकार सिंह ने खुद इस बात की पुष्टि की कि वह पहले पंजाब पुलिस में अफसर के तौर पर लोगों की सेवा कर चुके हैं, अब सीधा लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और उनके दुख-दर्द दूर करेंगे।

वर्ष 1988 बैच के डायरैक्ट ए.एस.आई. रैंक पर भर्ती हुए बलकार सिंह ने अपनी नौकरी की शुरूआत जालंधर से ही की थी। इसके बाद अच्छी ड्यूटी व मेहनत के बल पर वह धीरे-धीरे प्रमोट होते गए। बातचीत के दौरान बलकार सिंह ने बताया कि उनकी 32 साल एक महीने की नौकरी में से 25 साल उन्होंने जालंधर जिले में नौकरी की है व सबसे ज्यादा अपनी सेवाएं देहात एरिया में दी हैं। खासकर करतारपुर में तो वह करीब 10 साल डी.एस.पी. के पद पर तैनात रहे हैं। इसके कारण करतारपुर हलके के सभी लोग उन्हें जानते हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने हंसते हुए कहा कि पूरा जालंधर जिला ही उनका अपना है और वह जालंधर के किसी भी हलके से चुनाव लड़ सकते हैं मगर करतारपुर हलके में वह काफी साल रहे हैं। नौकरी के दौरान लोगों की सेवा करते हुए करतारपुर हलके के सभी लोग, नेता व सरपंच उन्हें जानते हैं।

उन्होंने कहा कि सेवाकाल के 32 साल में उन्होंने बिना किसी भेदभाव, जातिवाद व धर्मनिरपेक्ष होकर नौकरी की है। बड़े-बड़े मसले उन्होंने लोगों के बीच जाकर सुलझाए हैं। जालंधर जिले के तकरीबन सभी लोगों से उनका राबता कायम है। चाहे वे शहरी इलाके के लोग हों या फिर देहात में पड़ते गांवों के लोग। अब इसी सहयोग के बल पर वह चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं क्योंकि सिस्टम में रहकर ही हम सिस्टम को बदल सकते हैं। चाहे वह समाज में विकास करने की बात हो या फिर समाज को एक नई दिशा देने की बात। धर्मनिरपेक्ष व पक्षपात से ऊपर उठकर ही जो इंसान लोगों की सेवा करता है, वह ही समाज में बदलाव ला सकता है।

कौन-सी पार्टी में जाना है, आने वाले दिनों में बताएंगे : पूर्व डी.सी.पी. बलकार सिंह
वहीं बातचीत के दौरान पूर्व डी.सी.पी. बलकार सिंह जब पूछा गया कि चुनावी मैदान में उतरने के लिए वह किस पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ेंगे तो उन्होंने कहा कि 32 साल लोगों की सेवा पार्टी व राजनीतिक फायदे से ऊपर उठकर की है। वह तो सिर्फ लोगों की सेवा करना चाहते हैं। बाकी रही बात पार्टी की तो वह इसके बारे आने वाले दिनों में बताएंगे। हालांकि उन्होंने इशारा देते हुए कहा कि वह पंजाब की सबसे बड़ी व पुरानी पार्टी से चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं।

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Sunita sarangal

Recommended News

Related News