अकाली पंजाब की अमन-शांति को भंग करने पर तुले: बाजवा

punjabkesari.in Wednesday, Oct 31, 2018 - 10:02 PM (IST)

चंडीगढ़ः पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल लोगों की धार्मिक भावनाएं भड़काकर राज्य की अमन शांति को भंग करने पर तुले हैं। श्री बाजवा ने आज यहां कहा कि बादल अपने निहित स्वार्थ की पूर्ति के लिए प्रदेश के हितों की भी परवाह नहीं कर रहे हैं। बादलों ने गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी, अकाल तख्त तथा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी जैसी धार्मिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया है। लोग उनके मंसूबे समझ गए हैं। अब उन्हें कोई एजेंडा नहीं मिल रहा इसलिए वह वर्ष 1980 की तरह फिर पंजाब को अशांति की ओर ले जा रहे हैं।   

श्री बाजवा ने कहा कि बादल पिता-पुत्र सब कुछ जानते हुए भी पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की इतिहास की किताब में हुई गलतियों का बहाना बना कर अकाल तख्त से मोर्चा लगा कर पंजाब का माहौल खऱाब करने पर अमादा हैं जबकि यह किताब मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह के आदेश पर पहले ही वापस ली जा चुकी है।  उन्होंने कहा कि बादलों की ड्रामेबाजी अपनी छिनी हुई साख को बहाल करने के लिए की जा रही है जिसमें वे कामयाब नहीं होंगे। सरकार ने सिलेबस सुधारने के लिए छह सदस्यीय कमेटी गठित की है जिसमें चार जाने माने इतिहासकार हैं। इनमें से दो इतिहासकारों की सिख इतिहास पर गहरी पकड़ है। उन्होंने कहा कि 2015 में गुरु ग्रंथ साहिब के अपमान और इसके विरुद्ध रोष प्रकट कर रहे लोगों पर गोली चलाने जैसी घिनौनी घटनाओं के लिए लोग बादलों को कभी भी क्षमा नहीं करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Mohit

Recommended News

Related News