CAA विरोध का दाग धोने भगवान राम की शरण में पहुंचे अमरेंद्र

punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2020 - 09:37 AM (IST)

पटियाला: 2022 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह पंजाब के हिंदुओं के विरोध का रिस्क नहीं उठाना चाहते। यही कारण है कि कैप्टन सरकार द्वारा नागरिक संशोधन बिल (सी.ए.ए.) के खिलाफ जो पंजाब विधानसभा में प्रस्ताव पास किया गया था, उसके कारण हुए डैमेज को कंट्रोल करने और हिंदू वोटरों को लुभाने के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन भगवान राम की शरण में पहुंचे। जिस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बनाने के लिए भूमि पूजन कर रहे थे, ठीक उसी समय कै.  अमरेंद्र  ने केंद्रीय  कांग्रेसी लीडरशिप की परवाह किए बिना पंजाब में कांग्रेस का गढ़ बचाने के लिए भगवान राम के मंदिर के भूमि पूजन की पूरे देशवासियों को ट्वीट कर बधाई दी। 

अमरेंद्र ने भगवान राम को पूरे देश का आदर्श बताते हुए कहा कि हिंदुस्तान के लोगों की सदियों पुरानी मांग पूरी हो गई है, इसलिए देश को शुभकामनाएं। 2019 में जब केंद्र सरकार ने सी.ए.ए. प्रस्ताव पास किया था तो मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह ने केंद्रीय कांग्रेसी लीडरशिप को खुश करने के लिए पंजाब विधानसभा में सी.ए.ए. के खिलाफ प्रस्ताव पास किया था। बेशक उस प्रस्ताव का कोई कानूनी आधार नहीं था, परन्तु ऐसा कर मुख्यमंत्री ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी का विश्वास जीत लिया था, क्योंकि उस समय कैप्टन का नवजोत सिंह सिद्धू के साथ विवाद चल रहा था। अब कैप्टन अमरेंद्र 2022 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए धड़ाधड़ फैसले कर रहे हैं। सी.ए.ए. के खिलाफ कैप्टन की तरफ से पास किए गए प्रस्ताव का पंजाब के हिंदू समाज की तरफ से जबरदस्त विरोध किया गया था।

पहली बार पंजाब का हिंदू सड़कों पर उतरा था और हजारों लोग इकट्ठा हुए थे, जिसके कारण पंजाब में भाजपा का माहौल बनने लग गया था। इस बात को संभालते हुए मुख्यमंत्री ने इस भूमि पूजन के मौके का लाभ लेते हुए पंजाब के हिंदू वोटरों को संदेश दिया कि वह हिंदुओं के हितैषी हैं। मौजूदा हालातों में कैप्टन अमरेंद्र सिंह को मालूम है कि पंथक वोट बैंक अकाली दल से छिटक गया है। अकाली दल जितना मर्जी जोर लगा ले, सिख संगत का बादल परिवार पर विश्वास नहीं बन रहा है। किसानों के कर्जे माफ कर एक बड़ा वोट बैंक कैप्टन ने अपने साथ जोड़ लिया है। दूसरी तरफ अब हिंदू समाज को विश्वास में लेकर कैप्टन एक हाथ में पंथक वोट और दूसरे हाथ में हिंदू वोट लेकर 2022 का मैदान फतेह करना चाहते हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News