मौसम ने फिर बदली करवट, मार्च की गर्मी में ''शिमला'' बना अमृतसर
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 04:51 PM (IST)
अमृतसर (रमन): धार्मिक और ऐतिहासिक शहर अमृतसर में आज मौसम ने ऐसी करवट ली कि मार्च की तपती गर्मी अचानक गायब हो गई। दोपहर के समय चली ठंडी हवाओं और तेज बारिश ने पूरे शहर के वातावरण को बदल कर रख दिया। कुछ दिनों से बढ़ती गर्मी से परेशान लोगों को आज हुई बारिश ने सर्दी जैसा अहसास करवा दिया। मौसम इतना सुहावना हो गया कि लोगों को ठंड का ऐहसास होने से फिर गर्म कपड़े पहने दिखे। वहीं बारिश व तेजहवाओं से फसलों के हुए नुक्सान को देख किसानों के चेहरे मुझा गए।
बताया जा रहा है कि मार्च महीने की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर महसूस होने लगा था और लोगों ने घरों व दफ्तरों में पंखे चलाने शुरू कर दिए थे, जबकि होटलों में भी एसी चलने लगे थे। तेज बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और लोगों को यातायात में कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजारों और सड़कों पर मौजूद लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों और शैडों के नीचे खड़े दिखाई दिए। वहीं यदि आम जन-जीवन की बात करें तो पिछले सप्ताह पड़ी गर्मी के कारण लोगों ने घरों में रखे गर्म कपड़े, जिनमें स्वेटर, कोट व रजाइयां शामिल हैं, समेट कर रख दिए थे, लेकिन मौसम के अचानक बदलने से ठंड का असर फिर बढ़ गया और खासकर महिलाओं को दोबारा गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करना पड़ा।
श्री दरबार साहिब में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
मौसम के बदले मिजाज का असर श्री दरबार साहिब में भी साफ दिखाई दिया। आम तौर पर बारिश होने पर लोग घरों में रहना पसंद करते हैं, लेकिन आज गुरु नगरी में नजारा बिल्कुल अलग था। गर्मी से राहत मिलने के कारण श्री दरबार साहिब में माथा टेकने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पहले की तुलना में काफी अधिक रही। श्रद्धालु बारिश की बूंदों के बीच श्रद्धा के साथ दर्शन करते नजर आए। परिक्रमा में मौजूद श्रद्धालुओं का कहना था कि गुरु रामदास जी की नगरी में इस सुहावने मौसम ने इबादत का आनंद और बढ़ा दिया है।
सैलानियों की आमद में बढ़ौत्तरी
अमृतसर में इस समय पर्यटकों की भी भारी चहल-पहल देखने को मिल रही है। स्थानीय आंकड़ा विभाग और पर्यटन विशेषज्ञों के अनुसार मौसम में आए इस बदलाव ने सैलानियों को बाहर निकलने के लिए प्रेरित किया है। विरासती मार्ग (हैरीटेज स्ट्रीट) पर हजारों की संख्या में पर्यटक इस ‘मिनी शिमला’ जैसे मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए। बाहर के राज्यों से आए पर्यटक जहां गर्मी से बचने के लिए यहां पहुंचे थे, वहीं अचानक हुई बारिश और ठंडक से वे काफी खुश नजर आए।
गर्मी से राहत, प्रशासन सतर्क
तापमान में आई गिरावट से जहां लोगों को राहत मिली है, वहीं तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस और स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं व सैलानियों से अपील की है कि तेज हवाओं के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अगले लगभग 24 घंटों तक मौसम इसी तरह रहने की संभावना है जिससे गर्मी का प्रभाव काफी हद तक कम रहेगा। अंत में कहा जा सकता है कि आज अमृतसर की फिजा पूरी तरह खुशगवार हो गई है। गर्मी के मौसम में मिली इस ठंडक ने जहां सैलानियों के चेहरों पर मुस्कान लाई है वहीं श्रद्धालुओं की आस्था को भी नई ताजगी दी है।
बारिश व तेज हवाओं से किसानों की फसल बिछीं
बाबा बकाला साहिब (राकेश): बाबा बकाला साहिब क्षेत्र में बीती रात से ही घने और काले बादल छाए हुए थे, लेकिन आज सुबह से लगातार हुई तेज बारिश और तेज रफ्तार हवाओं के कारण किसानों के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल बिछ गई। इस कारण किसानों के चेहरों पर मायूसी छा गई है और वे चिंता में डूब गए हैं। यह फसल जो अगले महीने पक कर तैयार होने वाली थी, उसी से किसानों को काफी उम्मीदें होती हैं और वे अपने घर-परिवार का खर्च भी इसी से चलाते हैं लेकिन इस बेमौसमी बारिश के कारण गिरी हुई फसल का दोबारा खड़ा होना मुश्किल हो जाता है। इसके साथ ही बारिश के कारण गेहूं के दाने के काले पड़ जाने की भी आशंका जताई जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

