MLA के करीबी ने नौकरी के नाम पर लगाया लाखों का चूना, फर्जी नियुक्ति पत्र थमाकर हुआ फरार
punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 09:34 AM (IST)
लुधियाना (राज): आम आदमी पार्टी के केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से विधायक अशोक पराशर पप्पी के एक कथित करीबी सहयोगी द्वारा सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम पर लाखों की ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज
आरोपी ने नगर निगम में क्लर्क लगवाने का झांसा देकर दो युवकों से करीब 1.70 लाख रुपए ऐंठ लिए और बाद में उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। इस मामले में थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस ने आरोपी निखिल सभरवाल निवासी अजीत नगर के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। ठगी का शिकार हुए इस्लाम गंज निवासी रामनदीप सिंह ने बताया कि वह सिविल अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र में एडहॉक पर काम करता है। अक्टूबर 2023 में जब वह पक्की नौकरी की उम्मीद में विधायक कार्यालय गया, तो वहां उसकी मुलाकात निखिल सभरवाल से हुई जिसने खुद को विधायक का पीए बताया।
आरोपी ने विधायक के साथ की कई तस्वीरें साझा
आरोपी की बातों में आकर रामनदीप और उसके दोस्त प्रभजोत सिंह ने नौकरी के बदले पैसे देने का सौदा कर लिया। रामनदीप ने यूपीआई के जरिए 98 हजार रुपए ट्रांसफर किए, जबकि प्रभजोत से भी आरोपी ने किस्तों में हजारों रुपए वसूल लिए। धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब काफी समय बीत जाने के बाद आरोपी ने उन्हें नगर निगम का एक जॉइनिंग लेटर भेजा, जो जांच करने पर पूरी तरह फर्जी पाया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी खुद को फेसबुक पर विधायक का कार्यालय इंचार्ज बताता था और उसने विधायक के साथ कई तस्वीरें भी साझा की थीं। दूसरी ओर, विधायक अशोक पराशर पप्पी ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा कि आरोपी उनके पड़ोस में रहता है और जैसे ही उन्हें उसकी इस करतूत का पता चला, उन्होंने खुद उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। विधायक ने स्पष्ट किया कि उनका ऐसे किसी भी गलत व्यक्ति के साथ कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

