Punjab : हथियारबंद युवकों का परिवार पर हमला, घर में की तोड़फोड़ और चलाई गोलियां!

punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 07:05 PM (IST)

फाजिल्का (कृष्ण): फाजिल्का के गांव बहिक खास में कुछ लोगों द्वारा एक परिवार के घर पर कथित तौर पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने न केवल घर और गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की, बल्कि कथित तौर पर गोलियां भी चलाईं।

पीड़ित शिंदर सिंह, चरणजीत सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों ने बताया कि इस घटना को उनके पड़ोस में रहने वाले कुछ युवकों ने अंजाम दिया है, जो कथित तौर पर नशे का कारोबार करते हैं। परिवार का आरोप है कि पड़ोस में रोजाना 10 से 15 युवक आकर चिट्टा (हेरोइन) का सेवन करते हैं। उनका कहना है कि आरोपितों ने अपने घर की छत पर बाथरूम बनाया हुआ है, जिसकी आड़ में वे पीड़ित परिवार के घर की तरफ देखते थे और उन्हें परेशान करते थे। परिवार के अनुसार, इसी बात का विरोध करने पर उन पर हमला किया गया। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले वर्ष इन युवकों ने शिंदर सिंह की माता पर भी हमला किया था। इस संबंध में शिकायत देने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी।

प्रत्यक्षदर्शी महिला निशा कौर और परिवार के सदस्यों के अनुसार, हमलावरों की संख्या 15 से 20 के करीब थी और उनके पास कथित तौर पर पिस्तौल, किरपान तथा कापे जैसे घातक हथियार थे। आरोप है कि हमलावरों ने घर के बाहरी और अंदरूनी गेट, कमरों की खिड़कियों तथा पानी की टंकी को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा चरणजीत सिंह की कार सहित दो वाहनों के शीशे तोड़ दिए और गाड़ियों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। परिवार के मुताबिक, इस घटना में करीब 2 से ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

परिवार ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने करीब 6 से 7 राउंड फायरिंग भी की। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने घर के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद हमलावर मौके पर खाली कारतूस के खोल छोड़कर चले गए, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि हमले के दौरान कई बार फोन करने के बावजूद पुलिस तुरंत मौके पर नहीं पहुंची और काफी समय बाद घटनास्थल पर आई। इस मामले में जब मंडी लाधूका पुलिस चौकी के प्रभारी बलकार सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह घटनास्थल का जायजा लेने जा रहे हैं। इसके बाद तथ्यों के आधार पर बनती कार्रवाई की जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News