दिल्ली CM केजरीवाल को मिली कोर्ट से बड़ी राहत, जानें क्या है मामला

punjabkesari.in Friday, Feb 03, 2023 - 02:54 PM (IST)

बठिंडा (विजय): पूर्व वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल के करीबी रिश्तेदार जयजीत सिंह जौहल को उस समय जोर का झटका लगा जब बठिंडा की एक अदालत ने जौहल द्वारा आप सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ दायर मानहानि का मुकदमा खारिज कर दिया। जोजो द्वारा अरविंद केजरीवाल पर बठिंडा की अदालत में मानहानि का केस दायर किया था।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल ने बठिंडा के व्यापारियों के साथ बैठक की थी, जिसमें उन्होंने जयजीत जौहल पर लोगों से जोजो टैक्स वसूलने का आरोप लगाया था और व्यापारियों को इस टैक्स से राहत दिलाने का बयान दिया था। केजरीवाल ने कहा था कि बठिंडा में रेहड़ी वालों से लेकर व्यापारियों तक जोजो टैक्स वसूला जा रहा है। उनके इस बयान से राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा हुई थी। केजरीवाल के बयान पर खफा जयजीत जौहल ने बठिंडा की अदालत में उनके खिलाफ केस दर्ज कराया था। कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को समन किए बिना ही केस खारिज कर दिया।

 केस के खारिज होने को जयजीत जोहल के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि अदालत में केजरीवाल के खिलाफ केस दाखिल करने के बाद जयजीत जौहल ने कहा था कि अब वह केजरीवाल को बठिंडा कोर्ट की सीढ़ियां चढ़ाएंगे। लेकिन कोर्ट ने केस खारिज कर दिया। केजरीवाल को बठिंडा की अदालत की सीढ़ियां चढ़ाने की जोजो की ख्वाहिश अधूरी रह गई है। इससे पहले शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भी जयजीत जौहल पर गुंडा टैक्स और जोजो टैक्स वसूलने का आरोप लगाया था। जयजीत जौहल ने सुखबीर बादल के खिलाफ कोर्ट में मानहानि का केस भी किया है। विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा की केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बठिंडा दौरे के दौरान जयजीत जौहल पर जोजो टैक्स वसूलने का आरोप लगाया था।लेकिन उनके प्रति जोजो का रवैया नरम रहा था और उन पर कोई केस नहीं किया। इस मामले को लेकर जयजीत जोहल को उनका पक्ष जानने के लिए फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News