Ludhiana में रसूखदारों की हैवानियत, चोरी का शक होने पर युवक को दे डाली 'तालिबानी सजा'
punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 05:20 PM (IST)
लुधियाना (राज): शहर में रसूखदारों की गुंडागर्दी और हैवानियत का एक ऐसा खौफनाक चेहरा सामने आया है जिसे सुनकर रूह कांप जाए। एक गरीब शख्स को नई कोठी में रखवाली के लिए बुलाकर न केवल बंधक बनाया गया, बल्कि उस पर चोरी का झूठा आरोप मढ़कर उसे ऐसी तालिबानी सजा दी गई कि वह अब जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। आरोपियों ने सारी मर्यादाएं लांघते हुए पीड़ित के गुप्तांगों पर बिजली का करंट लगाया और लाठियों से उसे तब तक पीटा जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में पीड़िता सुनीता ने अपने पति के साथ हुई इस दरिंदगी के लिए न्याय की गुहार लगाई है।
सिविल सिटी की रहने वाली सुनीता के मुताबिक उसका पति मदन लाल अपनी विकलांग बेटी के इलाज और घर के खर्च के लिए रात की एक्स्ट्रा ड्यूटी ढूंढ रहा था। इसी दौरान एक सिक्योरिटी गार्ड ने उसे हंबड़ां रोड की एक नई कोठी में काम पर लगवाने के बहाने बुलाया। 8 अप्रैल की रात कोठी के मालिकों ने मदन लाल को अंदर छोड़कर बाहर से ताला लगा दिया।
पीड़िता का आरोप है कि अगली सुबह जब मालिक वापस आए तो उन्होंने मदन लाल पर 15 से 20 लाख रुपये की चोरी का इल्जाम लगा दिया। सच्चाई बताने के बावजूद मालिकों और उनके साथियों ने मदन लाल को कमरे में बंद कर बेरहमी से टॉर्चर करना शुरू कर दिया। आरोपियों का मन इतने से भी नहीं भरा तो उन्होंने मदन लाल के प्राइवेट पार्ट पर करंट के झटके दिए ताकि वह जबरन चोरी की बात स्वीकार कर ले। इस दौरान उसका मोबाइल, बाइक और जेब में रखे पैसे भी छीन लिए गए। जब परिवार थाने पहुँचा तो मदन लाल की हालत इतनी नाजुक थी कि खुद पुलिस मुलाजिमों ने उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह दी। फिलहाल सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे पीजीआई रेफर करने की तैयारी कर ली है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस रसूखदार कोठी मालिकों के नाम उजागर नहीं कर रही है, जबकि कोठी मालिक उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकियां दे रहे हैं।


