20-25 गुंडों का घर पर हमला, घर में अकेली महिलाओं को बंधक बना बेरहमी से पीटा, हैरान कर देगा मामला
punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 09:54 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में एक मामले में आधा दर्जन से अधिक नामजद आरोपियों ने करीब 20-25 अज्ञात गुंडों के साथ मिलकर एक घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने न सिर्फ घर में अकेली महिलाओं के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि घर के मालिक को भी सरेआम गली में घेरकर लहूलुहान कर दिया और घर में रखे 8 लाख रुपए कैश व सोने के गहने लेकर फरार हो गए।
अंदर घुसते ही तीनों महिलाओं पर कर दिया हमला
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता गगनदीप सिंह ने बताया कि बीती 13 मई को शाम करीब 7:00 बजे वह अपनी दुकान पर था। घर में उसकी दादी रविंदर कौर, पत्नी कमलप्रीत कौर और छोटी बहन हरजशन कौर अकेली थीं। महिलाओं को घर में अकेला पाकर आरोपियों ने जबरन घर के अंदर प्रवेश किया और अंदर घुसते ही तीनों महिलाओं पर हमला कर दिया और उनके साथ बुरी तरह मारपीट की। इसी दौरान जब गगनदीप सिंह अपनी दुकान से काम खत्म करके वापस घर लौटा, तो गली में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे भी चारों तरफ से घेर लिया। आरोपियों ने गगनदीप पर भी जानलेवा हमला करते हुए उसे बुरी तरह पीटा। पीड़ित परिवार द्वारा शोर मचाने और शोर-शराबा होने पर आस-पड़ोस के लोगों को इकट्ठा होता देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
कुल 9 मुख्य आरोपी नामजद
बदमाशों के भागने के बाद जब डरे-सहमे परिवार ने घर के अंदर जाकर सामान की जांच की, तो उनके होश उड़ गए। घर की अलमारी में रखा करीब 3 तोले सोना और लगभग 8 लाख रुपए की नकदी गायब थी। पीड़ित गगनदीप सिंह ने पुलिस के सामने पक्के यकीन के साथ बयान दिया है कि मारपीट के बहाने घर में घुसे उक्त हमलावरों ने ही इस भारी नकदी और सोने की चोरी व लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इस बड़ी वारदात के बाद पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर कुल 9 मुख्य आरोपियों को नामजद किया है, जिनकी पहचान संदीप कौर (पत्नी इंदरजीत कौर), सुखदेव सिंह, सुखविंदर कौर (पत्नी सुखदेव सिंह), बलोरी (पुत्र सुखदेव सिंह), अमन कौर (पत्नी इंदरजीत सिंह), इंदरजीत सिंह, जोत (पुत्र गुरप्रीत सिंह), गुरप्रीत सिंह और अभी (पुत्र लल्लू) के रूप में हुई है। इनके अलावा पुलिस ने वारदात में शामिल 20-25 अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

