Teacher की बेरहमी का CCTV आया सामने, 9वीं के Student को लैब में बंद कर पीटा, हालत नाजुक

punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 11:22 AM (IST)

लुधियाना (राज): शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाली एक बेहद रोंगटे खड़े कर देने वाली  वारदात सामने आई है। शहर के एक प्रतिष्ठित प्राइवेट बीवीएम (BVM) स्कूल में एक हैवान बने शिक्षक ने 9वीं कक्षा के छात्र पर क्रूरता की सारी सीमाएं लांघ दीं। आरोप है कि शिक्षक छात्र को जबरन स्कूल की साइंस लैब में खींचकर ले गया, जहां उसने कमरा अंदर से बंद करके मासूम की ऐसी बेरहमी से धुनाई की कि घर पहुंचते ही बच्चे की हालत बिगड़ गई और उसके पेशाब में खून आना शुरू हो गया। गंभीर हालत में बच्चे को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वारदात की सनसनीखेज सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद थाना हैबोवाल की पुलिस ने इस मामले में आरोपी शिक्षक के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।

 पेशाब में आने लगा खून, हालत नाजुक!
पीड़ित छात्र के पिता रूपेश बंसल ने  बताया कि बीती 17 जुलाई को उनका बेटा प्रांशु बंसल (9वीं कक्षा का छात्र) जब स्कूल से घर लौटा, तो वह बुरी तरह डरा-सहमा और कांप रहा था। घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद प्रांशु की तबीयत बिगड़ने लगी। जब वह शौचालय गया, तो उसके पेशाब के साथ भारी मात्रा में खून निकलने लगा। यह देख परिजनों के होश उड़ गए। जब माता-पिता ने रोते हुए बच्चे को पूछा, तो उसने बताया कि स्कूल के टीचर अनिल कुमार अग्रवाल ने उसे लैब के भीतर बंद करके जानवरों की तरह पीटा है। पिता रूपेश बंसल ने संगीन आरोप लगाया कि टीचर अनिल कुमार अग्रवाल ने न सिर्फ मासूम बच्चे को कमरे में बंद करके बेरहमी से मारा-पीटा, बल्कि वारदात के बाद बच्चे को धमकी भी दी। शिक्षक ने प्रांशु को सख्त चेतावनी दी थी कि 'अगर इस मारपीट के बारे में घर पर किसी को भी बताया या मुंह खोला, तो तुझे जान से मार डालूंगा।' इस धमकी के कारण मासूम प्रांशु काफी देर तक सदमे में रहा, लेकिन शारीरिक तकलीफ बढ़ने के कारण पूरी करतूत उजागर हो गई। परिजनों ने बिना एक पल गंवाए गंभीर हालत में बच्चे को सिविल अस्पताल की इमर्जेंसी में दाखिल करवाया।

पुलिस के हाथ लगा CCTV फुटेज
स्कूल प्रबंधन के दावों की धज्जियां उड़ाता एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा है, जिसमें आरोपी शिक्षक की पूरी दरिंदगी कैमरे में कैद हो चुकी है। वीडियो फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि शिक्षक अनिल कुमार अग्रवाल मासूम प्रांशु को उसकी गर्दन (Collar) से दबोचकर जबरन घसीटते हुए लैब के भीतर ले जाता है। लैब में ले जाते ही बिना कोई बात किए या सफाई मांगे, शिक्षक छात्र पर ताबड़तोड़ थप्पड़ों की बरसात कर देता है। वीडियो में दिख रहा है कि शिक्षक लगातार 5-6 जोरदार थप्पड़ मारता है, फिर उसे खींचकर कमरे के दूसरे कोने में पटक देता है। जब मासूम खुद को बचाने के लिए हाथ जोड़ता है और छुपने की कोशिश करता है, तो शिक्षक उसे जमीन पर नीचे दबाकर दोबारा बेरहमी से पीटना शुरू कर देता है।

टीचर को डोरेमोन के नाम से बुला रहे थे छात्र: प्रिंसिपल
वहीं स्कूल के प्रिंसिपल पवन सूद ने बताया टीचर को 10 दिन के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। प्रिंसिपल के मुताबिक, आरोपी टीचर के क्लास में पहुंचने पर भी बच्चे शांत नहीं हुए। वे टीचर को डोरेमोन (कार्टून कैरेक्टर) के नाम से बुला रहे थे। इसके चलते टीचर को गुस्सा आया और टीचर ने छात्र को पीट दिया। टीचर ने बाकी स्टूडेंट्स को भी डांटा, लेकिन यह बच्चा ज्यादा शोर कर रहा था, इसलिए इसे टीचर ने पीटा। एएसआई (ASI) बलदेव सिंह ने बताया कि पीड़ित पिता रूपेश बंसल के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी शिक्षक अनिल कुमार अग्रवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) [स्वेच्छा से चोट पहुंचाना], 126(2) [गलत तरीके से बंधक बनाना] और जुवेनाइल जस्टिस (JJ) एक्ट की धारा 75 (बच्चों पर क्रूरता करना) के तहत संगीन मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटना का पूरा मूल सीसीटीवी फुटेज अपने आधिकारिक कब्जे में ले लिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News