''यमराज'' बना झोलाछाप: क्लिनिक से डॉक्टर गायब, कंपाउंडर बेटे ने महिला को ठोक दिया गलत इंजेक्शन!

punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 08:50 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर एक क्लिनिक से मुख्य डॉक्टर के गायब होने पर उसके बेटे ने खुद 'यमराज' का चोला ओढ़ लिया। मामूली घबराहट की शिकायत लेकर आई एक 45 वर्षीय बेकसूर महिला को आरोपी बेटे ने बिना किसी जांच और डिग्री के एक संदिग्ध इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही महिला के शरीर में भयानक रिएक्शन हुआ और उसने तड़प-तड़प कर मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस रूह कंपा देने वाली वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी रोष है।

 डॉक्टर की मुख्य कुर्सी पर उसका बेटा मनजीत बैठा हुआ था
बेटी ने बताया कि बीती 17 जुलाई को उसकी 45 वर्षीय माता रजनी को घर पर ही अचानक तेज घबराहट और बेचैनी महसूस होने लगी। मां की तबीयत बिगड़ती देख बेटी घबरा गई और उसने तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अपनी मां को मोहल्ले में ही स्थित डॉक्टर जगदीश के क्लिनिक पर ले जाने का फैसला किया। बेटी को उम्मीद थी कि डॉक्टर मामूली दवा देकर उसकी मां को ठीक कर देगा, लेकिन उसे क्या पता था कि क्लिनिक में मौत का जाल बिछा हुआ है। पीड़ित बेटी ने बताया कि जब वह अपनी मां को लेकर क्लिनिक पहुंची, तो वहां मुख्य डॉक्टर जगदीश मौजूद नहीं था। क्लिनिक सूना होने के बजाय वहां डॉक्टर की मुख्य कुर्सी पर उसका बेटा मनजीत बैठा हुआ था। डॉक्टर की गैर-मौजूदगी में मनजीत ने ही खुद को बड़ा डॉक्टर दिखाते हुए रजनी का इलाज शुरू कर दिया।

बेटी की आंखों के ठीक सामने तड़प-तड़प कर तोड़ दम
आरोप है कि मनजीत ने महिला की गंभीर स्थिति को समझे बिना और बिना किसी डॉक्टरी योग्यता या जांच के, सीधे एक तेज असर वाला संदिग्ध इंजेक्शन निकाला और रजनी के शरीर में लगा दिया।मगर इंजेक्शन लगने के कुछ ही मिनटों बाद ही रजनी की तबीयत सुधरने के बजाय अचानक बेहद गंभीर रूप से बिगड़ने लगी। उसके पूरे शरीर में तेज ऐंठन शुरू हो गई और वह दर्द से चीखने लगी। बेटी ने जब आरोपी मनजीत से गुहार लगाई, तो उसके हाथ-पांव फूल गए। इससे पहले कि महिला को किसी बड़े अस्पताल या वेंटिलेटर तक पहुंचाया जा पाता, रजनी ने अपनी लाडली बेटी की आंखों के ठीक सामने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। एक गलत इंजेक्शन ने पलक झपकते ही हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। इस सनसनीखेज मौत के बाद इलाके के निवासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और क्लिनिक के बाहर भारी हंगामा खड़ा हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। थाना डिविजन नंबर 2 की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। जांच अधिकारियों ने बताया कि मृतका की बेटी के आधिकारिक और बयानों के आधार पर क्लिनिक संचालक के बेटे मनजीत के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News