Ludhiana में गुंडागर्दी का नाच, ट्यूशन से लौट रहे Student पर गंडासे से हमला

punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 09:46 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में गुंडागर्दी के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब शिक्षण संस्थानों के बाहर भी छात्र सुरक्षित नहीं हैं। सेखेवाल स्थित आनंद एजुकेशन के बाहर ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे एक छात्र पर कुछ युवकों ने गंडासे से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर न केवल छात्र को जख्मी कर गए, बल्कि उसके गले से सोने की चेन भी लूट ले गए।

छात्र को घेर गंडासे से किया हमला 
पीड़ित छात्र पारस बग्गा ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि 23 अप्रैल को वह हमेशा की तरह आनंद एजुकेशन से ट्यूशन पढ़कर घर जाने के लिए सीढ़ियों से नीचे उतरा था। अभी वह सड़क पर पहुंचा ही था कि करीब 10 कदम की दूरी पर तरुण सिंह, रुद्र और उनके तीन अन्य अज्ञात साथी खड़े थे। उसके साथ ही ट्यूशन पढ़ने वाली शिवांगी नाम की लड़की ने उन युवकों की तरफ इशारा करते हुए कहा— "पकड़ लो इसे, छोड़ना मत।" इशारा मिलते ही आरोपियों ने छात्र को घेर लिया और गंडासे से उस पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने छात्र के गले में पहनी हुई सोने की चेन भी छीन ली। शोर मचाने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। 

आरोपियों ने छात्र को  बनाया निशाना
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश और शक है। आरोपी तरुण सिंह, रुद्र और उनके साथियों को शक था कि पीड़ित छात्र उनकी परिचित लड़की शिवांगी के साथ बातचीत करता है। इसी बात से खुन्नस खाए बैठे आरोपियों ने योजना बनाकर छात्र को निशाना बनाया। थाना दरसी पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर तरुण सिंह, रुद्र, शिवांगी और तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News