आदेशों की उड़ रही धज्जियां, प्रतिबंध के बावजूद सरेआम बिक रही...

punjabkesari.in Monday, May 12, 2025 - 02:35 PM (IST)

लुधियाना (राम): डी.सी. द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद शहर में ताजपुर रोड पर सरकारी मछली मंडी में मांगूर मछली की खुलेआम बिक्री जारी है। स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए खतरनाक मानी जाने वाली इस मछली पर जिला प्रशासन ने स्पष्ट रूप से रोक लगाई थी, लेकिन इसके बावजूद कुछ दुकानदार आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए धड़ल्ले से इसका कारोबार कर रहे हैं। डी.सी. में 1 मई को इस संबंध में आदेश जारी किए थे। इसके बावजूद आदेशों की धज्जियां उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। जानकारी के अनुसार दुकान नंबर 2, 9, 24 और 26 में कई दुकानों पर मांगूर मछली बेची जा रही है। न तो इन दुकानों को बंद किया गया है और न ही प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई होती दिख रही है। इससे साफ है कि या तो प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं है या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है।

क्या है मांगुर मछली पर प्रतिबंध का कारण?

मांगूर मछली, जिसे अफ्रीकी कैटफिश भी कहा जाता है, जैव विविधता और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानी जाती है। इसका मांस कई बार संक्रमित पाया गया है और इसे कृत्रिम तरीकों से पाला जाता है, जिसमें कैमिकल्स और हॉर्मोन का इस्तेमाल होता है। इसके चलते राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण और केंद्र सरकार ने इसके पालन और बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे। डी.सी. द्वारा हाल ही में जारी आदेश में भी स्पष्ट रूप से कहा गया था कि मांगूर मछली की बिक्री अवैध है और ऐसा करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लेकिन जमीनी हकीकत इस आदेश के बिल्कुल विपरीत है।

प्रशासन की निष्क्रियता पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है। उनका कहना है कि कुछ दुकानदारों ने प्रशासन से सांठगांठ कर रखी है तभी खुलेआम यह कारोबार चल रहा है। न तो फूड सेफ्टी डिपार्टमैंट ने कोई रेड की और न ही नगर निगम या मछली पालन विभाग ने कोई जांच की।

आदेश जारी कर सो गए अधिकारी

दुकानों पर मछली की बिक्री किसी छुपे हुए कोने में नहीं, बल्कि मुख्य मार्गों पर हो रही है। ऐसा लगता है कि अधिकारी सिर्फ आदेश जारी कर सो गए हैं। मछली मंडी में आज तक भी किसी ने जाकर चेकिंग करने की जहमत तक नहीं उठाई।

जनता की मांग, तत्काल कार्रवाई हो

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, उनकी दुकानों को सील किया जाए और भविष्य में इस तरह की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए एक निगरानी टीम गठित की जाए। यदि प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाया, तो न सिर्फ लोगों के स्वास्थ्य को खतरा होगा, बल्कि शासन की साख पर भी सवाल उठेंगे।

जल्द करवाई जाएगी चैकिंग, फिर होगा एक्शन : डी.सी.

इस संबंध में डी.सी. हिमांशु जैन ने कहा कि मांगूर मछली को जिले में पूरी तरह से बैन किया गया है। इस मामले में चैकिंग करवाई जाएगी। नगर निगम की टीमों को मौके पर भेजा जाएगा। अगर जरूरत पड़ी तो मैं भी मौके पर जाकर जांच करूंगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News