राज्य की कमान संभालते ही सी.एम. भगवंत मान ने सिविल और पुलिस प्रशासन को दिए ये आदेश

punjabkesari.in Thursday, Mar 17, 2022 - 05:51 PM (IST)

चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के सिविल और पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद आज बैठक को संबोधित करते हुए श्री मान ने कहा कि जिन लोगों ने हमें सेवा करने का मौका दिया है, लोकतंत्र में यही लोग असली शासक होते हैं और राजनीतिज्ञों को सत्ता में रहने या बाहर का रास्ता दिखाने की ताकत भी इन लोगों के हाथ में होती है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा मुख्य सरोकार पंजाब को लंदन, कैलिफोर्निया या पैरिस बनाना नहीं बल्कि असली पंजाब बनाना है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राजनीतिक बदलाखोरी के रास्ते पर नहीं चलेगी और उन्होंने समूची प्रशासकीय मशीनरी को कहा कि वह पिछली सरकारों के उलट अपनी ड्यूटी बिना किसी राजनीतिक दबाव और निर्भीकता से करें ताकि पंजाबियों की उम्मीदों पर खरा उतरा जा सके। उन्होंने कहा कि वह पिछली सरकारों की तरह अपने पास लाल डायरी नहीं रखते, बल्कि उनके पास तो हरी डायरी होती है, इसलिए किसी भी तरह की बदलाखोरी के बारे में कोई चिंता करने की ज़रूरत नहीं है।’’

वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, ‘‘मेरी सरकार में भ्रष्ट अफसरों के लिए कोई जगह नहीं है और यदि ऐसी कोई शिकायत मेरे ध्यान में आ गई तो ऐसे अफसर मुझसे सहानुभूति की अपेक्षा न रखें।’’ भ्रष्टाचार मुक्त सरकार को सुनिश्चित बनाने के लिए मान ने ऐलान किया कि उनकी सरकार आने वाली 23 मार्च को शहीद-ऐ-आज़म भगत सिंह के शहादत दिवस पर एक व्हाट्सऐप नंबर शुरू करेगी, ताकि रिश्वत मांगने वाले भ्रष्ट अधिकारियों या अन्य गलत कार्यों में शामिल अधिकारियों की वीडियो अपलोड की जा सकें और ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों को कड़ी सज़ा दी जा सके।

मुख्यमंत्री ने सिविल और पुलिस अधिकारियों को ‘बैस्ट परफॉरमेंस अवॉर्ड’ (बढिय़ा कारगुज़ारी दिखाने के लिए अवॉर्ड) से सम्मानित करने का ऐलान किया, जिससे उनका मनोबल बढ़ाया जा सके। उन्होंने डी.जी.पी. को सभी पुलिस कर्मचारियों के जन्मदिन पर उनके परिवारिक सदस्यों को बधाई संदेश भेजने के भी निर्देश दिए। उन्होंने आगे कहा, ‘‘इन हालातों ने रोज़ी-रोटी कमाने के लिए बेहतर संभावनाओं की तलाश में बच्चों को विदेश भेजने के लिए गरीब और बेसहारा मां-बाप को अपनी जायदाद बेचने के लिए भी मजबूर कर दिया है।’’ उन्होंने वायदा किया कि उनकी सरकार हमारे बेरोजग़ार नौजवानों के लिए नौकरियों की अथाह संभावनाएं पैदा करने के लिए जल्द ही एक व्यापक कार्य-योजना लेकर आएगी। बैठक में अन्यों के अलावा मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए वेणु प्रसाद और डी.जी.पी. वी.के. भावरा के अलावा वरिष्ठ सिविल और पुलिस अधिकारी शामिल थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Subhash Kapoor

Recommended News

Related News