भारत नगर चौक विवाद पर किन्नर समाज की दो टूक, माई भोली महंत ने की कार्रवाई की मांग
punjabkesari.in Saturday, Jan 03, 2026 - 03:57 PM (IST)
लुधियाना : लुधियाना के भारत नगर चौक पर दो दिन पहले हुई एक घटना ने शहर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति पैदा कर दी थी। बीच सड़क पर कुछ लोगों द्वारा हंगामा किए जाने से जहां ट्रैफिक बाधित हुआ, वहीं एक कार सवार परिवार को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। परिवार ने आरोप लगाया कि रेड लाइट पर उनसे जबरन पैसे मांगे गए और मना करने पर अभद्र व्यवहार किया गया।
इस मामले के सामने आने के बाद अब अखिल भारतीय सनातन धर्म किन्नर समाज की प्रमुख माई भोली महंत ने इस तरह की घटनाओं से खुद को और अपने समाज को पूरी तरह अलग बताया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किन्नर समाज की परंपरा में सड़कों या रेड लाइट पर खड़े होकर पैसे मांगना शामिल नहीं है।
‘हम बधाई के रूप में दुआ देते हैं, डर या दबाव नहीं’
माई भोली महंत ने कहा कि उनका समाज केवल शादी या बच्चे के जन्म जैसे शुभ अवसरों पर ही बधाई लेता है और बदले में लोगों के लिए ईश्वर से आशीर्वाद मांगता है। उन्होंने भारत नगर चौक की घटना की निंदा करते हुए कहा कि जिन लोगों ने खुद को किन्नर बताकर परिवार के साथ बदसलूकी की, उनका किन्नर समाज से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए जो किन्नर समाज की पहचान को नुकसान पहुंचा रहे हैं। साथ ही यह भी कहा कि शहर की रेड लाइटों पर इस तरह की गतिविधियों को तुरंत रोका जाना चाहिए।
प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग
महंत भोली ने कहा कि किन्नर समाज कभी किसी को बद्दुआ नहीं देता, क्योंकि उनका मानना है कि उन्हें समाज में दुआ देने के लिए भेजा गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आम लोगों के साथ गलत व्यवहार करने वालों पर तुरंत कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
क्या था विवाद का कारण
जानकारी के अनुसार, भारत नगर चौक पर एक परिवार अपनी कार में सवार होकर गुजर रहा था, तभी कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोककर बधाई के नाम पर पैसे मांगे। परिवार ने जब अपनी मजबूरी बताते हुए पैसे देने से इनकार किया तो कथित रूप से उनके साथ गाली-गलौज की गई और बीच सड़क पर हंगामा किया गया। परिवार का कहना था कि वे उस समय गहरे पारिवारिक दुख से गुजर रहे थे और कार में सवार महिला के पिता का हाल ही में निधन हुआ था। बावजूद इसके, उनकी बात नहीं सुनी गई और उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

