Big News : पंजाब का यह टोल प्लाजा रहेगा फ्री, जानें कब और क्यों ?

punjabkesari.in Sunday, Oct 20, 2024 - 12:22 AM (IST)

लुधियाना (अनिल) : भारतीय किसान मजदूर यूनियन पंजाब के प्रधान दिलबाग सिंह गिल ने आज एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि पिछले 15 दिनों से किसानों को मंडियों में आ रही मुश्किलों के विरोध में 20 अक्टूबर को नेशनल हाईवे पर स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा को फ्री किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से जिला प्रशासन से मांग की जा रही है कि मंडियों में किसान की फसल को उठाया जाए परंतु आज 15 दिन बीत जाने के बाद भी किसान अपनी फसल बेचने के लिए मंडी में कई दिनों से भारी समस्याओं का सामना  कर रहा है। 

उन्होंने कहा कि 11 अक्टूबर को जिला प्रशासन ने लुधियाना दाना मंडी का दौरा करने के बाद किसानों को यह विश्वास दिलाया था कि दो-तीन दिन में धान की फसल को उठाने का काम शुरू हो जाएगा परंतु आज 9 दिन बीत जाने के बाद भी मंडी में किसान की फसल वैसे ही पड़ी हुई है, जिसके चलते 20 अक्टूबर को भारतीय किसान मजदूर यूनियन पहले नई दाना मंडी जालंधर बाईपास में इकट्ठे होंगे। इसके बाद मंडी से ट्रक और ट्रालियों में धान की बोरियां भर कर लाडोवाल टोल प्लाजा पर लेकर जाएंगे और तब तक टोल प्लाजा को फ्री रखा जाएगा जब तक मंडी में धान की खरीद शुरू नहीं हो जाती है। उन्होंने बताया कि हर साल मंडी में किसानों को अपनी फसलें बेचने के लिए भारी मुश्कलें उठानी पड़ती हैं, जिससे यह साबित होता है कि सरकारें किसानों को खत्म करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा किसानों को यह विश्वास दिलाया था कि उनकी फसल मंडी में 24 घंटे में उठाई जाएगी परंतु आज ढाई साल बीत जाने के बाद भी पंजाब सरकार ने मंडी में किसानों की फ़सलें उठाने का उचित प्रबंध नहीं करवाया गया। इसके विरोध में किसान यूनियन टोल प्लाजा को तब तक फ्री रखेगी, जब तक मंडी में किसान की फसल की खरीदारी ,लिफ्टिंग, शुरू नहीं हो जाती। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News