''टेक्नाॅलजी की बड़ी कामयाबी: भविष्य के रोगों को देखने वाली तकनीक ईजाद, APP से लोग खुद जान सकेंगे

punjabkesari.in Saturday, Nov 12, 2022 - 01:13 PM (IST)

जालंधर(नरेन्द्र मोहन): आवाज के माध्यम से झूठ पकडऩे वाली मशीन तो ईजाद हो चुकी है परन्तु अब आवाज से आने वाले रोग का पता भी लग सकेगा,ऐसी तकनीक भी देश में ईजाद हो चुकी है।  चंडीगढ़ के एक नेत्र सर्जन ने 11 वर्ष के प्रयासों के बाद ऐसी एप तैयार की है जो मनुष्य में आने वाले रोग की जानकारी दे सकती है। यह एप आर्टिफिशियल इंटैलीजैंस की मदद से और आवाज के नमूने की जांच करके अपनी रिपोर्ट देती है।

इसके अलावा यह एप शरीर में होने वाले बदलाव, आने वाले रोगों के बारे में, उसके उपचार और टैस्ट की जरूरत है तो उसकी भी सलाह देती है। जे.वी. स्कैन नाम से विकसित इस एप को बनाने वाले डा. महेश हुक्मानी हैं। इस तकनीक को लेकर वह देशभर में जा रहे हैं। चंद रोज पहले उन्होंने चंडीगढ़ में अपने इस आविष्कार का खुलासा कर बताया था कि इस तरह की तकनीक पर 4 देशों में अध्ययन चल रहा है जिसमें अमरीका, इसराईल और भारत भी शामिल हैं। डा. हुक्मानी ने बताया कि इस एप के जरिए 2000 से अधिक लोगों का सफलतापूर्वक इलाज किया गया है। इस एप को मोबाइल में डाऊनलोड करने के साथ-साथ कम्प्यूटर में आसानी से खोला जा सकता है।

30 सैकेंड्स की अपनी आवाज रिकॉर्ड करने के बाद आर्टिफिशियल इंटैलीजैंस की मदद से पूरे शरीर की जांच होती है। शरीर के विभिन्न अंगों की स्थिति के बारे में ग्रेडिंग रिपोर्ट में आती है जो किसी अंग के मजबूत होने अथवा उसके कमजोर होने का संकेत देती है। एप में किसी प्रकार के टैस्ट का भी सुझाव दिया जाता है और विशेष रोग के माहिर डॉक्टर से राय लेने को कहा जाता है। अर्थात घर बैठे ही कोई व्यक्ति इस एप से अपनी शारीरिक स्थिति की न सिर्फ जानकारी ले सकता है बल्कि अपना इलाज खुद भी कर सकता है, आधा डॉक्टर बन सकता है। डा. महेश हुक्मानी ने बताया कि बेशक इस एप में इलाज भी है, जांच के लिए लैबोरेटरी के विवरण भी हैं और माहिर डॉक्टरों का विवरण भी डाला जा रहा है। इस आविष्कार को पेटैंंट करवाने के लिए फाइल भेज दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News