सी.एम. भगवंत मान संवैधानिक मर्यादायों को तार-तार करने से गुरेज करे: तरुण चुघ

punjabkesari.in Thursday, Jun 15, 2023 - 09:31 PM (IST)

चंडीगढ़ : भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने आज कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित के आदेशों व निर्देशों की अवज्ञा कर संवैधानिक द्वारा स्थापित सभी मर्यादायों का उल्लंघन कर रहे हैं। सीएम मान के राजनीतिक आका दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल दिल्ली के एल.जी. के साथ सीधे टकराव में है, वहीं उन्होंने सभी संवैधानिक व्यवस्थाओं को नजरअंदाज कर साबित कर दिया है कि आम आदमी पार्टी का न तो संविधान के साथ कोई सरोकार है और न ही वह संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करती है।

चुघ ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के मुख्यमंत्री ने बार-बार पंजाब के संवैधानिक प्रमुख को कई बार नजरअंदाज किया, जिसके लिए राज्यपाल ने उनसे सहयोग मांगा है। सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब सरकार को आदेश दे रखे हैं कि वह सरकार के कामकाज की सभी गतिविधियों की रिपोर्ट गवर्नर को देगी, लेकिन पंजाब सरकार ने इस आदेश को भी नजरअंदाज कर दिया। उन्होंने कहा कि यह जान-बूझकर राज्यपाल का अपमान करने और मान सरकार का पंजाब की जनता से राजनैतिक जवाबदेही से भागने का प्रयास है।

चुघ ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री कानून और व्यवस्था के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय अपने असंवैधानिक कार्यों के साथ अस्थिरता पैदा करने वाले तत्वों को उकसा रहे हैं। लोकतंत्र की दुहाई देने वाले अरविन्द केजरीवाल के इशारों पर सीएम मान लोकत्रंत की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पंजाब में पहली बार है कि कोई मुख्यमंत्री अपने तुष्टीकरण और असंवैधानिक व्यवहार का उदाहरण पेश कर रहा है। सीएम मान का यही रवैया रहा तो पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्य में पड़ोसी दुश्मन देश एक बार फिर प्रदेश के सौहार्द को अस्थिर करने की कोशिश कर सकता है। राजनीति में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन देश की एकता, अखंडता को स्थापित रखना चुनी हुई सरकार की बड़ी जिम्मेदारी में शामिल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Subhash Kapoor

Related News