भाजपा युवा नेता को मिली जान से मारने की धमकी, विदेशी नंबर से आई कॉल ने मचाया हड़कंप
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 02:55 PM (IST)
अमृतसर (जशन): अमृतसर में भाजपा युवा नेता साईंअंश सूरी को जान से मारने की गंभीर धमकी मिलने का मामला सामने आया है, जिससे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। भाजपा युवा नेता साईंअंश सूरी, जो भाजपा युवा मोर्चा अमृतसर के उपाध्यक्ष भी हैं, को मंगलवार सुबह एक विदेशी नंबर से फोन कॉल के जरिए धमकाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कॉल सुबह करीब 10:56 से 10:57 बजे के बीच +44 (यूके कोड) से आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को “Punjab Resistance Front (PRF)” नामक संगठन से जुड़ा बताया और खुद को ही “शेरा गैंगस्टर” बताते हुए भाजपा युवा नेता साईंअंश सूरी को जान से मारने की धमकी दी।
धमकी के दौरान कॉलर ने कहा कि “गुरदासपुर में बीजेपी के एक व्यक्ति पर हाल ही में ग्रेनेड हमला किया गया है और अब अगला निशाना तुम हो। तुम्हारी गाड़ी को बम से उड़ाया जाएगा।” इसके साथ ही कॉलर ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े अन्य लोगों को भी निशाना बनाने की खुली चेतावनी दी। मामले को और गंभीर बनाते हुए, भाजपा युवा नेता साईंअंश सूरी को सोशल मीडिया के माध्यम से PRF के नाम से जारी कथित प्रेस रिलीज और पोस्टर भी प्राप्त हुए हैं, जिनमें गुरदासपुर हमले की जिम्मेदारी लेने और भाजपा-आरएसएस से जुड़े लोगों को धमकी देने का दावा किया गया है।
इस घटना के बाद भाजपा युवा नेता साईंअंश सूरी ने पंजाब पुलिस के महानिदेशक (DGP) को लिखित शिकायत भेजकर मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने अपनी शिकायत में विदेशी नंबर की तकनीकी जांच, संबंधित नेटवर्क का पता लगाने और खुद व अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
सूत्रों के अनुसार, इस शिकायत की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), गृह मंत्रालय, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं अमृतसर पुलिस कमिश्नर को भी भेजी गई है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है। यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है जब पंजाब में पहले भी उग्रवादी गतिविधियों को लेकर समय-समय पर चिंता व्यक्त की जाती रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि विदेशी नंबरों के जरिए इस तरह की धमकियां देना एक संगठित नेटवर्क की ओर संकेत करता है, जिसकी गहन जांच आवश्यक है।
सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

